रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। फतेहाबाद उपमंडल के गांव भूथन कलां में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के गन्ना अनुभाग द्वारा किसान वैज्ञानिक संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गन्ना विकास अधिकारी डॉ. रामेश्वर श्योकंद ने की। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को टीएमएस योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि विभाग द्वारा गन्ने की विश्वविद्यालय द्वारा सिफारिशशुदा किस्मों की बुवाई पर प्रोत्साहन स्वरूप 3000 रुपये प्रति एकड़ की दर से सहायता राशि प्रदान की जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है तथा इसके पश्चात कृषि विभाग के पोर्टल https://agriharyana.gov.in/ पर टीएमएस योजना के अंतर्गत आवेदन किया जा सकता है। योजना के अंतर्गत एक परिवार पहचान पत्र आईडी पर अधिकतम 2 हेक्टेयर तक लाभ दिया जा रहा है तथा यह योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लागू है। प्रशिक्षण सत्र में किसानों को गन्ने में लगने वाले कीट-पतंगों, रोगों एवं उनके नियंत्रण उपायों की जानकारी दी गई। किसानों को गन्ने की खड़ी फसल का भ्रमण भी करवाया गया। डॉ. ओपी नेहरा ने गन्ने की बुवाई से लेकर कटाई तक तकनीकी जानकारी प्रदान की। किसानों द्वारा अन्य रबी फसलों से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का वैज्ञानिकों ने मौके पर समाधान किया। इस अवसर पर डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. शमशेर सिंह, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, दलीप सिंह, रजत कुमार, जगदीश, कुलदीप, सुभाष आदि उपस्थित रहें।
