*प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम मंडावर को ज्ञापन सौंपकर सरकार से शीघ्र कड़े कदम उठाने की रखी मांग*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में एकजुट होकर मंडावर उपखंड अधिकारी अमित वर्मा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण परिवेश की धरती से उठी यह मांग सीधे उस दर्द और पीड़ा को आवाज़ देती है, जो इन दिनों बांग्लादेश में हिन्दू समुदाय पर लगातार हो रहे अत्याचारों के बीच पूरे देश का मन विचलित कर रही है। ज्ञापन में बताया गया कि बांग्लादेश में हिन्दुओं पर खुला अत्याचार, भीड़ तंत्र द्वारा लूट, बलात्कार, मारपीट और हत्या जैसे अमानवीय अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और वहां मौजूद मानवाधिकार संगठन भी ऐसी घटनाओं पर प्रभावी भूमिका नहीं निभा पा रहे, जिसके चलते हालात और भयावह होते जा रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिस तरह इजराइल ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कठोर और निर्णायक कदम उठाए तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में असामाजिक और कट्टरपंथी तत्वों के खिलाफ कानून का सख्ती से उपयोग कर कड़ा संदेश दिया, उसी प्रकार भारत सरकार को भी तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बांग्लादेश में बसे हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि वहाँ सक्रिय कट्टरपंथी समूहों को सामान्य समझाइश या नरमी से काबू में लाना संभव नहीं है, इसलिए भारत सरकार को कड़े, प्रभावी और न्यायोचित कदम उठाने की ज़रूरत है, ताकि वहां रहने वाले हिन्दू सुरक्षित रह सकें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की मजबूत आवाज़ दर्ज हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान तेजसिंह नरुका, सुरेन्द्रसिंह नरुका, ओकारसिंह राजपूत, शुभमसिंह राजपूत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहें।
