*पुरानी सीसी रोड पर ही नई सडक बनाने को लेकर आक्रोशित लोगो ने रुकवाया सडक निर्माण कार्य।*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र मीना की पहल पर स्वीकृत करीब एक करोड़ रुपये की योजना के तहत पीडब्ल्यूडी द्वारा लगभग 76 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही मंडावर की गाँधी चौक से गढ़ रोड की तरफ की सडक निर्माण कार्य शनिवार को फिर से विवादों में घिर गई, जब निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमर्जी और विभागीय उदासीनता के आरोपों ने स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़का दिया। शहरवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र मीना के द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान सड़क के दोनों ओर बने चौड़े नालों को बंद कर केवल डेढ़ से दो फुट की नालियां छोड़ते हुए संपूर्ण चौड़ाई में नई सीसी सड़क बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, मगर ठेकेदार ने इन निर्देशों को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए पुराने चौड़े नालों को यथावत छोड़कर पूर्वनिर्मित सड़क के बराबर ही नई सड़क डालना शुरू कर दिया, जिससे पुराने गहरे और कचरे से भरे नालों की समस्या जस की तस बनी रहेगी और शहर दोबारा उसी गंदगी और जोखिम को झेलने पर मजबूर होगा।
लोगों ने यह भी कहा कि ठेकेदार सड़क पर भरे गंदे पानी को निकाले बिना उसी में सीसी डालकर निर्माण कर रहा है, जो सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करने के साथ ठेकेदार की लापरवाही और लीपापोती को उजागर करता है। विवाद उस समय और गंभीर हो गया जब ठेकेदार के कार्मिक निर्माण कार्य करते हुये गढ़ रोड स्थित गर्ल्स स्कूल के आगे पहुंचे और यहां पुरानी सीसी सड़क को खोदने के बजाय सीधे उसके ऊपर ही नई सीसी डालने लगे, जबकि ठीक पीछे बने हिस्सों में पुरानी सड़क को हटाकर ही नया निर्माण किया गया है। निर्माण में इस भेदभाव ने कॉलोनीवासियों का धैर्य तोड़ दिया और उन्होंने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया तथा ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए।
सूचना पर पीडब्ल्यूडी के कनिष्ठ अभियंता करणसिंह राजपूत और ठेकेदार नानूराम गुर्जर का बेटा मौके पर पहुंचे, जहां लोगों ने साफ कहा कि यहाँ भी पुरानी सडक की सतह हटाए बिना नई सड़क नहीं डाली जाएगी, क्योंकि ऐसा होने पर उनके घर सड़क स्तर से और गहरे हो जाएंगे और बरसाती पानी व नालियों का गंदा पानी उनके घरों में प्रवेश करेगा। कनिष्ठ अभियंता द्वारा यह कहे जाने पर कि एस्टीमेट के अनुसार केवल 300 मीटर सड़क की खुदाई निर्धारित है और बाकी हिस्से में बिना खुदाई ही सीसी डाली जानी है, लोगों का आक्रोश और बढ़ गया, और उन्होंने अभियंता पर ठेकेदार से मिलीभगत का आरोप लगाया। स्थिति अनियंत्रित होती देख दोनों ही वहाँ मौके से चले गए। वहीं इसे लेकर कॉलोनीवासियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना खुदाई किए सड़क निर्माण किसी भी हाल में नहीं होने दिया जाएगा और यदि मिलिभगत व अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो वे इस मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे और न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। गढ़ रोड निर्माण को लेकर बढ़ते जनरोष ने शहर में साफ संकेत दे दिए हैं कि लोग अब गुणवत्ताहीन और मनमर्जी के काम को स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।
