गांधी चौक से ट्रक यूनियन तक सडक निर्माण को लेकर दिये कड़े निर्देश
सब्जी मंडी व्यापारियो की मांग पर उन्हे पूरा करने की दिशा में पालिका को दिये सख्त निर्देश।
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर।
मंडावर नगरपालिका क्षेत्र में शनिवार सुबह माहौल तब गर्मा गया जब महवा विधायक राजेंद्र मीना अचानक शहर के गांधी चौक पहुंचे और वहाँ से गढ़ रोड होते हुए ट्रक यूनियन तक करीब 100 करोड़ की लागत से स्वीकृत सड़क परियोजना का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगरपालिका के कार्यवाहक ईओ प्रकाशचंद मीना, पीडब्ल्यूडी के एईएन चन्द्रप्रकाश मीना और मंडावर उपखंड कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। सड़क निर्माण के तहत खुदाई को देखकर विधायक सीधे सब्जी मंडी के आगे पहुँचे, जहाँ सड़क की चौड़ाई कम होने पर उन्होंने मौके पर ही फीते से नाप-तौल कराई और पूर्व निर्मित चौड़े नाले को संकरा कर सड़क को नियमानुसार चौड़ा बनाने के निर्देश दिए। सब्जी मंडी के व्यापारियों ने विधायक को बताया कि मंडी के अंदर और बाहर सफाई नियमित नहीं होती, जिससे रोज़ाना गंदगी फैलती है। इस पर विधायक ने ईओ को सफाई व्यवस्था तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। व्यापारियों की मांग पर पुराने जर्जर मंडी भवन को तोड़कर नया भवन बनाने, सब्जी विक्रेताओ के लिये तीस टीन शेड तैयार कराने, मंडी परिसर में सीसी रोड डालने, बीच में एक हाईमास्ट लाइट लगाने और मुख्य द्वार को मजबूत रूप में तैयार करवाकर गेट लगवाने के कार्यो को भी शीघ्र ही पूरा कराने के निर्देश दियें। इसके बाद विधायक नगरपालिका वाली गली में पहुँचे और वहाँ विस्तृत नगरपालिका भवन व पंचायत समिति कार्यालय के लिए जगह उपलब्ध कराने के मुद्दे पर पालिका भवन के सामने स्थित पुराने वेयरहाउस और जर्जर प्राथमिक स्कूल भवन को पालिका को हस्तांतरित कराने की दिशा में जिला कलेक्टर दौसा से दूरभाष पर बातचीत की। इसके पश्चात विधायक ने ईओ को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर तुरंत भेजने के निर्देश दिए। लोगो की मांग पर बांदीकुई–कठूमर हाईवे के मंडावर शहर के बीच भीड़भाड़ वाले व्यस्त बाजार से गुजरने के प्रस्ताव पर भी वे खासे गंभीर दिखे और वैकल्पिक मार्ग तय कर प्रस्ताव भेजने को कहा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल मंडावर के सोनू वशिष्ठ ने पालिका सीमा में होकर गुजरने वाली वर्षो पुरानी नहरों के दोनों ओर पक्की दीवारें बनाने की मांग रखी, जिस पर विधायक ने ईओ को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। इसके साथ ही पाखर रोड, केशव नगर, आदर्श कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में पक्की सीसी सड़क और नालियों की मांग भी रखी गई, जिस पर विधायक ने जल्द ही बनवाने का भरोसा दिया। निरीक्षण के दौरान विधायक के निजी सचिव दीपक सीमला, भाजपा मंडल महामंत्री सोनू वशिष्ठ, अनाज मंडी अध्यक्ष पारस जैन, बनवारी अग्रवाल, बंटी जांगिड़, पप्पू सैनी, इन्द्र सैनी, दिलीप रावत, मुकेश बंसल, डोनू प्रधान, अजय झालानी, मुकेश साहू, ढील्या खान, काडू साहू सहित अनेक व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहें।
