महवा अनाज मंडी चोरी कांड का खुलासा।
गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार, 50 हजार नकद बरामद।
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा@मनोज खंडेलवाल
कस्बे की अनाज मंडी में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस थाना महवा ने प्रभावी खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 50 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की है, जबकि इससे पूर्व इस घटनाक्रम में शामिल विधि से संघर्षरत एक किशोर को निरुद्ध कर उसके पास से 20 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर थाना चाकसू जयपुर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी ने गिरोह के साथ मिलकर महवा अनाज मंडी की सात दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है तथा पूछताछ के दौरान बालाजी नगर महवा, गणपति इंटरप्राइजेज कार्यालय महवा और चाकसू क्षेत्र में दो अन्य चोरी की घटनाओं सहित कुल पांच स्थानों पर चोरी करना कबूल किया है।
यह कार्रवाई महवा वृत्ताधिकारी मनोहरलाल मीना के सुपरविजन में थानाधिकारी महवा राजेन्द्र कुमार मीना के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस ने दिनांक 15 जनवरी 2026 को अनाज मंडी चोरी प्रकरण में वांछित आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू मीना को प्रोडक्शन वारंट के जरिए जिला कारागृह दौसा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद की गई गहन पूछताछ में आरोपी के पास से चोरी की 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई, जिससे प्रकरण में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर 2024 को अनाज मंडी महवा निवासी सुमन कुमार पुत्र हरिप्रसाद महाजन ने थाना महवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 दिसंबर 2024 की रात अज्ञात चोरों द्वारा अनाज मंडी की सात दुकानों से नगद राशि चोरी कर ली गई। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना महवा में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पहले विधि से संघर्षरत एक किशोर को निरुद्ध कर उसके कब्जे से चोरी की 20 हजार रुपये की राशि बरामद की थी और अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पूरे गिरोह तक पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र चन्द्रलाल मीना, उम्र 26 वर्ष, निवासी पाली थाना महवा जिला दौसा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से थाना क्षेत्र में घटित अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन अनुसंधान जारी है और आने वाले समय में और भी चोरी की वारदातों के खुलासे होने की पूरी संभावना है
