*कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा व महवा विधायक ने कहा शीशवाड़ा को अब विकास में पीछे नहीं रहने देंगे*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महव/शीशवाड़ा। महाराजा सूरजमल के 262वें बलिदान दिवस तथा पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरणसिंह की जयंती पर ग्राम शीशवाड़ा में दो दिवसीय रागिनी एवं भजन जकड़ी कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक उल्लास और ऐतिहासिक गौरव की अनुभूति को एक सूत्र में पिरो दिया। रागिनी संध्या में हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकार सुरेंद्र बेनीवाल ने अपनी दमदार गायकी से ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए और महाराजा सूरजमल की रागिनी पर उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर होकर देर तक तालियां बजाता रहा।
भजन जकड़ी कार्यक्रम में तेजसिंह, भूपेंद्र, छवि देशवाल, पूजा डागुर और सावित्री ने भावपूर्ण धार्मिक प्रस्तुतियों से वातावरण को अध्यात्ममयी बना दिया। पूरे आयोजन का केंद्र बिंदु तब बना जब समारोह के समापन अवसर पर राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा तथा महवा विधायक राजेंद्र मीणा की चाचा–भतीजा की जोड़ी ने मंच पर पहुंचकर महाराजा सूरजमल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ग्रामीणों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का 51 किलो की माला पहनाकर तथा पारंपरिक कृषि प्रतीक ‘हल’ भेंट कर जोरदार स्वागत किया, वहीं 51 मीटर का साफा बांधकर ग्रामीणों ने आतिथ्य की परंपरा को नए आयाम दिए।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि शीशवाड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को विकास कार्यों में अब किसी भी स्थिति में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने हिंडौन तक सड़क निर्माण, चुरारी मार्ग के विकास सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। मंत्री ने स्वीकार किया कि वे कुछ समय से क्षेत्र से दूर रहे, परंतु अब शीशवाड़ा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा और ग्रामीणों द्वारा दिए गए सम्मान को सदैव अक्षुण्ण रखा जाएगा। महवा विधायक राजेंद्र मीणा के बारे में कहा गया कि वे निरंतर क्षेत्र के बीच रहकर विकास के मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं और आगे भी जनता के लिए समर्पित रहेंगे।
मंच संचालन योगेश शास्त्री ने किया और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गोवर्धन सरपंच तालचिड़ी, जिला परिषद सदस्य पप्पू झूंथा हेडा, पूर्व प्रधान सुबुद्धि मीणा, महवा देहात मंडल अध्यक्ष धारासिंह गुर्जर, खेड़ला मंडल अध्यक्ष राजबहादुर, उपप्रधान धर्मेंद्र मीणा, डॉ. जगमोहनलाल मीणा सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, युवा एवं ग्रामीण मौजूद रहे। साथ ही चैनसिंह, राहुल देशवाल, पुरुषोत्तम, अनिकेत चौधरी, रंजीत देशवाल, रोबिन, जगबीर, ओमप्रकाश डीलर, संजीव, रोशनसिंह देशवाल, मुरारी देशवाल, दीनदयाल देशवाल, सुजान भगत, हरवीर सिंह देशवाल, श्रीमन जाटव, मुरारी धोबी, सुजान प्रजापत, केदार प्रजापत, कुलदीप जाटव, देवो, कल्ला, देवीसिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप प्रदान किया।
