मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.महवा। श्रीश्याम सखा सेवा समिति महवा रजिस्टर्ड के तत्वाधान में आयोजित 11वां खाटू श्याम महोत्सव शनिवार को देवभक्ति, उल्लास और भव्य आयोजन का अनूठा संगम साबित हुआ, जब अग्रवाल सेवा सदन से सुबह 10 बजे विशाल मंगल कलश यात्रा एवं निशान शोभा यात्रा का दिव्य शुभारंभ हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, थाना चौराहा और मंडावर रोड होते हुए नवीन अनाज मंडी तक पहुंची, जहां तक पूरे मार्ग में विविध सामाजिक संगठनों ने जलपान कराकर श्याम भक्तों का आतिथ्यपूर्ण स्वागत किया। महिलाएं मंगल गीतों की स्वर लहरियों के साथ कलश लेकर चल रही थीं और श्याम प्रेमी डीजे की भक्तिमय धुनों पर नृत्य करते हुए भगवान कृष्ण की अलौकिक झांकियों के साथ यात्रा को भक्ति से सराबोर कर रहे थे।
समिति के अध्यक्ष नेमीचंद गुप्ता खेरली वालों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी खाटू श्याम महोत्सव का आयोजन भक्तिमय उत्साह के साथ किया गया, जिसमें विधायक राजेंद्र मीणा भी यात्रा के दौरान भक्तों के साथ शामिल रहे। पूरा मार्ग श्याम प्रभु के जयकारों से गूंजता रहा और महवा शहर ने भक्तिभाव की अनोखी छटा बिखेरी। दोपहर से शाम तक अनाज मंडी परिसर में भक्तों का प्रवाह निरंतर जारी रहा और शाम 5 बजे से “एक शाम खाटू वाले के नाम” जागरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे महोत्सव को चरम भक्ति की ओर पहुंचा दिया।
जागरण में दिल्ली की आयुषी राज, जयपुर की पिंकी सिंधी, भरतपुर के प्रताप थामा, कोटा के एंकर सनम राव, आभानेरी के विनोद सैनी सहित नामचीन कलाकारों ने इत्रवृष्टि, पुष्पवर्षा और छप्पन भोग के बीच श्याम भजनों से ऐसा दिव्य वातावरण रचा कि श्रद्धालु नाचने पर मजबूर हो गए। मंचीय प्रस्तुतियों को आकाश इंटरप्राइजेज म्यूजिक ग्रुप और कुंदन साउंड जयपुर ने उत्कृष्ट संगीत और साउंड व्यवस्था के साथ और अधिक जीवंत बना दिया। अखंड ज्योति, छप्पन भोग दर्शन, श्रृंगार और झांकी ने जागरण को और भव्य रूप प्रदान किया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम में महवा विधायक राजेंद्र मीणा, संरक्षक सत्येंद्र कुमार जिंदल, अध्यक्ष नेमीचंद गुप्ता, महामंत्री सुदीप गोयल, कोषाध्यक्ष सतीश कानूनगो, मीडिया प्रभारी अवधेश अवस्थी सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर राजकुमार गोयल, कृपांशु अजमेरा, नीरज बंसल, धर्मवीर गुप्ता, सुनील मंगल, योगेश शर्मा, विपिन सिंघल, अतुल जैन, रिंकू गर्ग, सतीश गर्ग, विनोद बंसल, अशोक गर्ग, बृज बिहारी, मोहनलाल घनेटवाल, विवेक अग्रवाल, अजय बंसल, हितेश सिंघल, रिंकू हलैना सहित सैकड़ों श्याम भक्तों ने पूरे मनोभाव से सेवाएं दीं।
