भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान सीकर में ‘अंतर्राष्ट्रीय महिला उन्मूलन दिवस’ के समापन पर, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत् व्याख्यान हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ नीलम कुमारी, महिला अधिकारिता विभाग, केंद्र प्रबंधक, कृष्णा सोनी एडवोकेट, एवं संस्थान सचिव डॉ. ओपी सैनी ने मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अतिथियों को दुपट्टा ओढा़कर व प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ने महिला अधिकारिता विभाग से जुड़ी हुई कुछ फ्लैगशिप योजनाओं जैसे ‘बेटी पढ़ाओ व बेटी बचाओ’ तथा ‘लाडो प्रोत्साहन योजना’ के बारे में सभी को जागरूक किया। उन्होंने इन योजनाओं से संबंधित कुछ सवाल जवाब करके कार्यक्रम को बड़ा ही रोचक बना दिया। संस्थान सचिव ने कहा कि डिजिटल दुर्व्यवहार क्या है? इसके बारे में सबको जानकारी होनी चाहिए | डिजिटल दुर्व्यवहार में महिलाओं और लड़कियों का पीछा करने, उन्हें परेशान करने और उनका शोषण करने के लिए डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। इस पर अधिकारिता विभाग ने 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक बहुत से कार्यक्रम आयोजित करके महिलाओं को जागरूक किया है। यह महिला अधिकारिता विभाग की सराहनीय पहल है । कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले पीजी महिला महाविद्यालय व सावित्रीबाई फुले शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और सभी छात्राएं मौजूद रहीं।
