राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर झुंझुनूं में महिला सम्मेलन आयोजित
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को झुंझुनूं के सूचना केंद्र सभागार में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धौलपुर के पचगांव में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन का लाइव प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण से ही समग्र विकास का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को पूरा करने में आधी आबादी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा डबल इंजन की सरकार निरंतर नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से महिला उत्थान के लिए प्रभावी निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 91 लाख पेंशनधारियों को 1100 करोड़ रुपये, पालनहार योजना के तहत 5 लाख 95 हजार लाभार्थियों को 103 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 5 हजार विद्यार्थियों को 2.5 करोड़ रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 1 लाख 55 हजार विद्यार्थियों को 15 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्थान महिला निधि के माध्यम से 5 हजार लखपति दीदी को 100 करोड़ रुपये की ऋण सहायता के चैक वितरित किए। साथ ही लखपति दीदी, कृषि सखियों एवं पशु सखियों को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने स्कूली छात्राओं को साइकिल एवं दिव्यांगजनों को स्कूटी का वितरण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी का शुभारंभ किया, जिससे राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है जहां के नागरिक अन्य राज्यों में भी कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा विगत दो वर्षों में महिला उत्थान के क्षेत्र में किए गए कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। जिला स्तरीय महिला सम्मेलन में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विप्लव न्यौला, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश मील सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
