रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना उपखंड के ग्राम डाबडवास से मांढन की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर तीन तीन फीट गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एडवोकेट धर्मवीर सिंह चौहान ने बताया कि यह सड़क तहसील स्तर व हरियाणा सीमा तक पहुंचने और घीलोट औद्योगिक क्षेत्र सहित काठुवास स्थित कंटेनर डिपो तक आने जाने का मुख्य मार्ग है।
इस सड़क पर करीब छोटे बड़े दो हजार वाहन यहां से गुजरते हैं। इस मार्ग पर ढिकवाड, खुन्दरोठ, आनंदपुर, मंगलपुर, काठुवास, हुंडिया सहित करीब 15 गांव हैं जो इस सड़क से नौकरियों व काम धंधा करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र घीलोट में आते हैं। ग्रामीण रामबीर सिंह, हनुमान सिंह, विजय सिंह ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर अवगत भी करवा दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मार्ग पर गांव डाबडवास एवं ढाणी के बुजुर्ग व्यक्ति और महिलाएं व बच्चे सुबह घूमने के लिए आते हैं। सड़क पर बने इन बड़े बड़े गड्ढों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। हर रोज यहां दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
