भीम प्रज्ञा न्यूज़.रेवाड़ी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी का 69वां महापरिनिर्वाण दिवस आज़ाद नगर रेवाड़ी स्थित माता रमा बाई सामाजिक उत्थान संस्था द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन एवं कार्यों पर केंद्रित एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान इंजीनियर बुधराम पंवार ने की, जबकि मंच का संचालन प्रेस सचिव श्री बहादुर सिंह ने किया। विचार गोष्ठी में कई विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने प्रमुख रूप से डॉ. अम्बेडकर जी के महान सामाजिक संघर्ष, संविधान निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान, और समाज सुधार के प्रति उनके समर्पण पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
गोष्ठी में अपने विचार रखने वाले प्रमुख वक्ताओं में नारायण सिंह तंवर, महीपाल सिंह, ईश्वर सिंह, महेश दत्त, सत्यवीर चौधरी, रामपाल मेहरा, अभय सिंह दहिनवाल, जगदीश चंद्र दहींवाल, और सूरत सिंह (एडवोकेट) शामिल रहे।
संस्था गतिविधियों की सराहना
कार्यक्रम के अंत में, अध्यक्ष इंजीनियर बुधराम पंवार ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में संस्था की वर्तमान गतिविधियों और सामाजिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने सभी वक्ताओं के विचारों की सराहना की। इंजी. पंवार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, सदस्यगणों और विशेष रूप से महिला शक्ति का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया।
