भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। मोहिनी देवी गोयनका महिला महाविद्यालय में मानवाधिकार दिवस पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. मुकेश कुमार शर्मा और डॉ. रमेश कुमार , सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान विभाग,राजकीय कला महाविद्यालय, लक्ष्मणगढ़ थे। कार्यक्रम के विषय हमारा अधिकार हमारा भविष्य और मानवाधिकार: दशा व दिशा पर उन्होंने विचार अभिव्यक्त किए।हमारा अधिकार हमारा भविष्य वर्ष 2024 में मानवाधिकार दिवस की थीम रखी गई थी। उन्होंने बताया कि आज विश्व में शांतिपूर्ण, न्याय संगत और टिकाऊ भविष्य के लिए मानवाधिकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है,वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए उनकी प्रासंगिकता निरंतर बनी हुई है और इन पर तत्काल कार्यवाही करने की आवश्यकता है। लोगों को मानवाधिकार को लेकर अपने सोच को बदलने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सरकार और प्रशासन की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अर्चना शर्मा ने अपने उद्बोधन में सभी मनुष्यों के लिए मौलिक और अविभाज्य अधिकार के रूप में मानवाधिकारों की उपयोगिता को महत्वपूर्ण बताते हुए वर्तमान समय में जीवन जीने का अधिकार, स्वतंत्रता, समानता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा आदि जैसे मौलिक अधिकार प्रत्येक नागरिक को प्राप्त होने, एवं सुरक्षित होने की बात पर जोर दिया। वर्तमान में शरणार्थी समस्या, गरीबी, बेरोजगारी, आवास,सोशल मीडिया का दुरुपयोग, उत्पीड़न, शोषण जैसी समस्याएं मानवाधिकारों की प्रासंगिकता पर सवाल खड़े करती हैं ।अतः उनकी सुरक्षा के लिए राज्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में समस्त छात्राएं व स्टाफ उपस्थित रहा।
