हिन्दुजा लीलेंड फाइनेंस की सतत् जल प्रबंधन परियोजना के तहत हुई जागरूकता गतिविधि
भीम प्रज्ञा न्यूज़.कानासर/जोधपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कानासर में हिन्दुजा लीलेंड फाइनेंस द्वारा प्रायोजित सतत् जल प्रबंधन परियोजना के अंतर्गत सोमवार को “माटी की बात बच्चों के साथ” शीर्षक से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उन्नत कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य तथा विश्व मृदा स्वास्थ्य सप्ताह के महत्व से अवगत कराना था।कार्यक्रम में छात्रों को मृदा स्वास्थ्य, सतत कृषि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मृदा संरक्षण के सरल उपायों की जानकारी देते हुए जैविक पदार्थ बढ़ाने एवं रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। छात्रों की समझ को और मजबूत बनाने के लिए मृदा स्वास्थ्य पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसे विद्यार्थियों ने बड़ी रुचि के साथ देखा। कार्यक्रम के दौरान नारा लेखन गतिविधि (स्लोगन राइटिंग एक्टिविटी) भी आयोजित की गई, जिसमें लगभग 100 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने मृदा संरक्षण, जैविक खेती और पर्यावरण बचाओ जैसे विषयों पर संदेशपूर्ण पोस्टर एवं नारे तैयार किए। इस अवसर पर परियोजना कोर्डिनेटर सिद्धार्थ शुक्ला, धर्मेन्द्र जोशी, दुर्गा जयपाल और मोहम्मद स्नान सहित परियोजना टीम के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
