भीम प्रज्ञा न्यूज़.धनूरी। मेजर एम.एच. मेमोरियल स्कूल धनूरी में राज्य स्तरीय कला कौशल प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे स्काउट्स का हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त (DO) प्रदीप ईशरवाल द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदीप ईशरवाल ने संस्था के सभी छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग की महत्ता बताते हुए कहा कि स्काउटिंग बच्चों को अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने की कला सिखाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्काउट आंदोलन से जुड़कर समाज और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रधान रजिया बानो ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन मनोज द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्रों के साथ गए स्काउट मास्टर अंकित ने राज्य स्तरीय शिविर के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने कला कौशल के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व के गुण सीखे। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहें।
