भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी।
शेखावाटी क्षेत्र के ऐतिहासिक, प्रशासनिक और विकासात्मक महत्व को रेखांकित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं इतिहासकार गोविंद राम हरितवाल ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बबाई को नया विधानसभा क्षेत्र तथा खेतड़ी को जिला और संसदीय निर्वाचन क्षेत्र घोषित किए जाने की मांग की है। पत्र में क्षेत्र के इतिहास, जनसंख्या, परिसीमन और भविष्य की आवश्यकताओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
*2026 की जनगणना के बाद परिसीमन का हवाला*
गोविंद राम हरितवाल ने पत्र में उल्लेख किया कि वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर बबाई ग्राम पंचायत खेतड़ी विधानसभा एवं झुंझुनू लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा रही है। आगामी 2026 की जनगणना के बाद लोकसभा व विधानसभा क्षेत्रों की संख्या में वृद्धि संभावित है। ऐसे में बबाई को नया विधानसभा क्षेत्र घोषित करना जनहित और प्रशासनिक दृष्टि से आवश्यक होगा।
*खेतड़ी रियासत की गौरवशाली ऐतिहासिक पृष्ठभूमि*
पत्र में बताया गया कि आज़ादी से पूर्व खेतड़ी रियासत का प्रशासनिक और भू-प्रबंधन तंत्र देशभर में आदर्श माना जाता था। खेतड़ी रियासत के अंतर्गत 555 गांव आते थे तथा कोटपूतली तहसील भी इसका अभिन्न हिस्सा रही। जयपुर दरबार द्वारा खेतड़ी के राजा को राजाबहादुर की उपाधि और पट्टे जारी करने का अधिकार प्राप्त था। ठिकाने के समय बबाई एक प्रमुख तहसील मुख्यालय था और सर्वाधिक राजस्व देने वाला क्षेत्र रहा।
*नई पंचायत समिति और जनसंख्या का तर्क*
हाल ही में राज्य सरकार द्वारा बबाई को नई पंचायत समिति का दर्जा दिया गया है, जिसमें 25 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इस क्षेत्र में लगभग डेढ़ लाख मतदाता पंजीकृत हैं और कुल जनसंख्या 10 लाख से अधिक बताई गई है। पत्र में तर्क दिया गया कि इतनी बड़ी जनसंख्या वाले क्षेत्र को अलग विधानसभा क्षेत्र घोषित किया जाना न्यायसंगत है।
*औद्योगिक, पर्यटन और खनिज संभावनाएं*
खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा हो चुकी है। साथ ही क्षेत्र में वन्यजीव अभ्यारण, आयुध डिपो, ऐतिहासिक किले, अजीत विवेक राष्ट्रीय संग्रहालय, देश की एकमात्र राष्ट्रीय कोर लाइब्रेरी, ऐतिहासिक बांध, तालाब, बावड़ियां और झरने स्थित हैं। विश्व प्रसिद्ध ताम्र शोधन कारखाना और अरावली पर्वत श्रृंखला में मौजूद खनिज संपदा क्षेत्र को आर्थिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है।
*बबाई की ऐतिहासिक हवाई पट्टी का उल्लेख*
पत्र में वर्ष 1937 में खेतड़ी के राजा बहादुर सरदार सिंह द्वारा बबाई में निर्मित हवाई पट्टी का भी उल्लेख किया गया है, जो द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उपयोगी रही। वर्तमान में यह हवाई पट्टी राजस्व रिकॉर्ड में भारत के राष्ट्रपति के नाम दर्ज है। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि जयपुर-दिल्ली मार्ग पर बबाई में नया हवाई अड्डा विकसित किया जाए, जो सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगा।
*विधानसभा परिसीमन और मतदाता संख्या में वृद्धि*
गोविंद राम हरितवाल ने बताया कि राजस्थान विधानसभा के प्रारंभिक चुनावों में खेतड़ी से दो विधायक चुने जाते थे। समय के साथ परिसीमन के कारण क्षेत्र का स्वरूप बदला, जबकि वर्तमान में खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या बढ़कर लगभग ढाई लाख से अधिक हो चुकी है। ऐसे में बबाई को नया विधानसभा क्षेत्र घोषित करना समय की मांग है।
*क्षेत्रीय विकास की नई संभावनाएं*
पत्र के अंत में कहा गया कि बबाई को नया विधानसभा क्षेत्र और खेतड़ी को जिला एवं संसदीय क्षेत्र घोषित किए जाने से शेखावाटी के इस हिस्से के विकास को नई दिशा मिलेगी, प्रशासनिक सुगमता बढ़ेगी और वर्षों से लंबित जिला गठन की मांग भी पूरी हो सकेगी।
