– 14 दिसंबर की वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में हिसार जिले से पहुंचेंगे हजारों कार्यकर्ता : विधायक चंद्रप्रकाश
– जनता की आवाज मुखर करेगी 14 दिसंबर की वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली : विधायक चंद्रप्रकाश
– आदमपुर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही लेकिन सरकार का उदासीन रवैया : विधायक चंद्रप्रकाश
रजत विजय रंगा,
भीम प्रज्ञा न्यूज़.हिसार। विधायक चंद्रप्रकाश ने मंडी आदमपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करके 14 दिसंबर की वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने जनता दरबार आयोजित करके हलकावासियों की समस्याएं भी सुनी। चंद्रप्रकाश ने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली में आदमपुर हलके सहित हिसार जिले से हजारों कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस महारैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के विचार सुनने का अवसर मिलेगा। रैली में राहुल गांधी भाजपा द्वारा वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने के घटनाक्रम पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि भाजपा की नीतियों व कार्यशैली से जनता बुरी तरह परेशान है। आदमपुर हलकावासी तो मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। जनता दरबार में हलकावासियों ने बताया कि सडक़ व सीवर निर्माण कार्य अधर में लटके हैं। स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व पर्याप्त बिजली आपूर्ति के लिए जनता संघर्ष कर रही है। टूटी-फूटी सडक़ें धूल से अटी हुई हैं लेकिन सरकार का इस दिशा में उदासीन रवैया है। इसी भांति किसान सिंचाई के पानी के लिए परेशान हैं। भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलों का किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। आदमपुर हलके में समुचित स्वास्थ्य साधनों व सेवाओं की भी दरकार है। विधायक चंद्रप्रकाश ने बताया कि इन सभी समस्याओं से सरकार को अवगत करवाते हुए तमाम सुविधाओं के लिए विधानसभा में आवाज उठाई है लेकिन सरकार ने अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं। सरकार व संबंधित विभागों के ढुलमुल रवैये का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
चंद्रप्रकाश ने कहा कि भाजपा की सच्चाई जनता के समक्ष आ चुकी है। इसलिए वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े व झूठे दावे करके और वोट चोरी को अंजाम देकर सत्ता हासिल करने का काम किया है। ऐसी स्थिति में भाजपा को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। इतना ही नहीं गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़ा, शोषित व वंचित वर्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सरकार केवल राजनीतिक रोटियां सेक रही है और बड़ी-बड़ी बातें करके जनता को बरगलाने की कोशिश कर रही है।
