– 14 दिसंबर की वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे कार्यकर्ता : विधायक चंद्रप्रकाश
– लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए : विधायक चंद्रप्रकाश
– आदमपुर के विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाकर जनता को राहत प्रदान करे सरकार : विधायक चंद्रप्रकाश
विजय रंगा (ब्यूरो चीफ)
भीम प्रज्ञा न्यूज़.हिसार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली के लिए विधायक चंद्रप्रकाश ने आदमपुर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में चंद्रप्रकाश ने वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी करके लोकतंत्र का मजाक बनाया है। इस तानाशाही से जनता खफा है और भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने और लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने के लिए हर कार्यकर्ता को 14 दिसंबर को महारैली में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। इसके साथ ही अपनी आवाज बुलंद करते हुए भाजपा को उसकी मनमानी का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि इस महारैली में कार्यकर्ता बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे। विधायक ने कहा कि चुनाव व्यवस्था में हो रही धांधलियों के खिलाफ समस्त देशवासियों को जागृत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए लेकिन भाजपा ने वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने का काम किया है। ऐसी स्थिति में भाजपा को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अराजकता का माहौल है। किसान, मजदूर, गरीब, पिछड़ा वर्ग व अन्य वर्ग उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। कार्यकर्ता बैठक के दौरान आदमपुरवासियों ने हलके की समस्याओं को भी विधायक के समक्ष उठाया। हलकावासियों ने सरकार की द्वेषपूर्ण नीतियों पर रोष जताते हुए कहा कि आदमपुर के साथ सरकार उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही है। यहां की जर्जर सडक़ों की मरम्मत और नई सडक़ों का निर्माण कार्य अधर में लटका है। तय सीमा में कार्य पूरा होने की कोई संभावना नहीं है। लोगों ने कहा कि आदमपुर धूल की नगरी बन गया है। इस कारण बहुत से लोग बीमारियों का शिकार भी हो रहे हैं। यहां की विकट स्थिति देखकर बहुत से लोग इस क्षेत्र से पलायन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। लचर सीवर व्यवस्था, दूषित पेयजल आपूर्ति, पर्याप्त बिजली का अभाव एवं सिंचाई के लिए पानी की कमी से जनता आहत है। विधायक चंद्रप्रकाश ने बताया कि आदमपुर की समस्याओं से कई बार मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्रियों एवं विभागों को अवगत करवाया जा चुका है। इसके बावजूद आदमपुर के विकास कार्यों के लिए गंभीरता से कार्य नहीं किया जा रहा। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरे करवाकर जनता को राहत प्रदान करें।
