भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। ग्राम भादवासी (जिला सीकर) में जमीन विवाद को लेकर दो कुख्यात गैंगों के बीच हुई गैंगवार में हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ रविकांत उर्फ गोलू स्वामी की हत्या के मामले में जिला पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन थार, तीन कैम्पर, एक फॉर्च्यूनर और एक ब्रेजा वाहन भी जब्त किए हैं। साथ ही हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा व उसके गैंग के सदस्यों की अवैध संपत्तियों व वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई लगातार जारी है।पुलिस के अनुसार थाना गोठड़ा क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा 0056 गैंग और श्रवण भादवासी 1657 गैंग के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के चलते 12 दिसंबर 2025 को कैमरी की ढाणी, खिरोड़ में दोनों गैंगों के बीच फायरिंग हुई। गैंगवार के दौरान श्रवण भादवासी गैंग के सक्रिय सदस्य व रानोली थाना के हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि रविंद्र कटेवा गैंग का सक्रिय सदस्य सुनील सुण्डा भी गोली लगने से मारा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि श्रवण भादवासी 1657 गैंग ने हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा की हत्या के लिए 50 लाख रुपये की सुपारी देकर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी व उसके साथियों को भेजा था। इससे पहले नवंबर 2024 में रविंद्र कटेवा गैंग द्वारा श्रवण भादवासी गैंग के सदस्य सुरेश मुवाल पर जानलेवा हमला भी किया गया था। इसी रंजिश के चलते दोनों गैंगों में यह खूनी संघर्ष हुआ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल व एमओबी टीमों से घटनास्थल की जांच करवाई गई। मृतक का शव जिला अस्पताल नवलगढ़ भिजवाया गया। प्रकरण में नामजद हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा, विकास बटार, संदीप गिल और पंकज रूलानिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 0056 गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और इनके खिलाफ झुंझुनूं, सीकर, कोटा, गंगानगर, बीकानेर, चूरू व दिल्ली सहित विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध, जमीन विवाद व साइबर अपराध के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों गैंगों के खिलाफ हत्या, फायरिंग व संगठित अपराध की गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अनुसंधान जारी है।यह कार्रवाई श्रीमान राघवेन्द्र सुहासा आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज के निर्देशन तथा बृजेश ज्योति उपाध्याय आईपीएस, पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं के सुपरविजन में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध व गैंगवार पर सख्ती से लगाम लगाने के लिए आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
