-राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्थाओं व गणमान्य नागरिकों के सम्मान हेतु प्रेस क्लब टोहाना की ओर से पैराडाइज पैलेस में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए।मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के निर्माण में सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने वाली संस्थाएं वास्तव में समाज की रीढ़ होती हैं। ऐसे सम्मान समारोह न केवल उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया और सामाजिक संस्थाएं मिलकर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, अनिल मेहता, आईएमए प्रधान डॉ. दीपांश, भूपेंद्र कंबोज, रणबीर समैण, जोरा सिंह, दलजीत समैण और नरेश नैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रेस क्लब टोहाना की इस पहल की सराहना करते हुए समाज सेवा में जुटी संस्थाओं को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला द्वारा टोहाना की 60 से अधिक सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक व सेवा संस्थाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित संस्थाओं में मानव सेवा संगम, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था, अपूर्वा फाउंडेशन, लाला छज्जू राम पहाड़िया मेमोरियल ट्रस्ट, सीनियर सिटीजन संगठन, सीआईए स्टाफ टोहाना, शहर थाना पुलिस, सदर थाना पुलिस, सच्ची चाय सेवा समिति, सब्जी मंडी एसोसिएशन, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल, हरियाणा व्यापार मंडल, दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन, अनुभवी स्वास्थ्य मित्र संगठन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, भगवान परशुराम सेवा समिति सहित अनेक संस्थाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम को सांस्कृतिक रूप से भी भव्य बनाया गया। ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल, महात्मा बुद्ध स्कूल, श्री राम ग्लोबल स्कूल और गुरुनानक स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं एसएस स्कूल के विद्यार्थियों ने वालंटियर के रूप में कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर प्रेस क्लब टोहाना के संरक्षक परमजीत तूर, प्रधान मोनिका सैनी, उप प्रधान सुशील सिंगला, कैशियर नवीन, सचिव लक्की हांडा सहित सुरेंद्र गिल, कर्ण समैण और सोनिया समेत क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहें।
