भीम प्रज्ञा न्यूज़.पिलानी। प्रदेश सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 15 दिवसीय ‘सुशासन पखवाड़े’ के सातवें दिन भाजपा नेता राजेश दहिया ने पिलानी विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। दहिया ने जनसंपर्क विकास रथ के साथ ग्राम पंचायत अरडावता, अडूका, डालमिया की ढाणी, सेही कला और स्वामी सेही में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की और ग्रामीणों को संबोधित किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राजेश दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का मुख्य संकल्प अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित हुए हैं। सरकार की मंशा है कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो और हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिले।कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की गई। दहिया ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ संकल्प लिया कि पिलानी विधानसभा के प्रत्येक परिवार तक इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुँचाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, जिला मंत्री रिशाल, यात्रा संयोजक सुनीता स्वामी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता दिखाई।
