रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। कांग्रेस पार्टी के हल्का प्रभारी (एलडीएम) रामकुमार सैनी ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर टोहाना के साथ भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टोहाना जिला बनने के सभी मानकों को पूरा करता है, इसके बावजूद सरकार द्वारा लगातार इसकी अनदेखी की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। रामकुमार सैनी ने कहा कि टोहाना फतेहाबाद से करीब 65 किलोमीटर, जींद से लगभग 75 किलोमीटर और हिसार से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित है। भौगोलिक दूरी, जनसंख्या, व्यापारिक गतिविधियों और प्रशासनिक सुविधाओं की दृष्टि से टोहाना को जिला बनाए जाने की पूरी पात्रता है। इसके बावजूद सरकार की सूची में टोहाना का नाम न होना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब टोहाना के साथ ऐसा अन्याय हुआ हो। पहले भी जब जिला घोषित करने की प्रक्रिया चल रही थी, तब टोहाना का नाम लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन अंतिम समय में फतेहाबाद को जिला घोषित कर दिया गया। आज भी वही इतिहास दोहराया जा रहा है। रामकुमार सैनी ने सवाल उठाया कि टोहाना से भाजपा के दो बड़े नेता होने के बावजूद क्षेत्र को जिला क्यों नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और टोहाना से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली जैसे बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद टोहाना का नाम जिला सूची में शामिल नहीं होना बेहद निराशाजनक है। इससे यह प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार में टोहाना की आवाज कमजोर पड़ रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हांसी, जो मात्र हिसार से 20 से 25 किलोमीटर के दूरी पर स्थित है, उसे जिला बना दिया गया, लेकिन टोहाना को नजरअंदाज कर दिया गया। जबकि हांसी से पहले टोहाना का नाम जिला सूची में घोषित होना चाहिए था आखिर ऐसा क्या कारण है कि टोहाना जैसे योग्य शहर को जिला बनने से वंचित रखा जा रहा है। रामकुमार सैनी ने कहा कि टोहाना की जनता सरकार से बहुत अपेक्षाएं रखती है और लंबे समय से जिला बनने की मांग कर रही है। अगर टोहाना को जिला बनाया जाता है तो इससे क्षेत्र के विकास, प्रशासनिक सुविधाओं और रोजगार के अवसरों में तेजी आएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टोहाना जिला बनने के लिए पूरी तरह डिजर्व करता है और अगर क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि व नेता एकजुट होकर मजबूती से आवाज उठाएं, तो टोहाना को जिला बनने से कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस पार्टी टोहाना की इस जायज मांग को पूरी ताकत के साथ उठाती रहेगी और जनता के हक की लड़ाई सडक़ से सदन तक लड़ेगी।
