भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी। खेतड़ीनगर में भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर क्षेत्र की ओर 36वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह शुरू हुआ। इस अवसर पर केसीसी प्रोजेक्ट के सर्विस शाफ्ट मैदान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। मुख्य अतिथि मनीष गवई ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया-इस साल का विषय ‘डिजिटलाइजेशन इन माइनिंग इंडस्ट्री’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र के विकास, सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए डिजिटलीकरण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। गवई ने बताया कि ड्रोन सर्वे, डिजिटल मैपिंग, वेस्ट मैनेजमेंट मॉनिटरिंग और रियल टाइम डेटा एनालिसिस जैसे तकनीकी माध्यम खदानों को सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेतड़ी खदान के मुख्य प्रबंधक जगदीश सिंह सोढा ने की। उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. गोपाल राठी ने उपस्थित अधिकारियों और खदान कर्मियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।इस मौके पर लोकेश गोयल के नेतृत्व में ‘डिजिटलाइजेशन इन माइनिंग इंडस्ट्री’ विषय पर एक लघु नाटिका और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें पानी बचाने और खदानों में तकनीकी उपयोग बढ़ाने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने बताया कि डिजिटल तकनीक से खनिज संरक्षण, जल संचयन और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास अधिक प्रभावी होते हैं। पंकज कुमार ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया, जबकि राजूलाल जाटव ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर केटीएसएस महामंत्री बिड़दूराम सैनी, ऑफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष सवाई सिंह सिराधना सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहें।
