भीम प्रज्ञा न्यूज़ मंडावा @ पवन कुमार शर्मा।
मंडावा विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य निरंतर प्रगति पर है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नामों की मैपिंग एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से की जा रही है।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिन मतदाताओं द्वारा निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए थे, उन्हें निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस तामील होने के पश्चात संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच मंडावा तहसील परिसर कार्यालय में की जा रही है।
इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार मंडावा मुकेश सिहाग ने बताया कि एसआईआर कार्य के अंतर्गत मतदाता सूची शुद्धिकरण के बाद जिन मामलों में मैपिंग नहीं हो पाई थी, उन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस तामील होने पर एईआरओ एवं बीएलओ द्वारा प्राथमिक जांच की जा रही है, जिसके उपरांत तहसीलदार स्तर पर सुनवाई कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र नाम सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य से मंडावा तहसील परिसर में विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए सही नामों को जोड़ने, गलत नामों को हटाने तथा आवश्यक संशोधन का कार्य किया जा रहा है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किए जा रहे हैं। दस्तावेजों की पूर्ण जांच एवं सुनवाई के बाद पात्र मतदाताओं का विवरण अपडेट किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची पूर्णत: शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बन सके।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि जिनको नोटिस जारी हुआ है, वे समय पर उपस्थित होकर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, जिससे सूची शुद्धिकरण का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके
