पीएम श्री विद्यालय बुहाना में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संवाद, सेमीकंडक्टर तकनीक से रूबरू हुए विद्यार्थी
भीम प्रज्ञा न्यूज़ बुहाना।
पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित श्रीमती चमेली देवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), बुहाना में गुरुवार 15 जनवरी को सेमीकंडक्टर तकनीक और स्वच्छ कक्ष प्रणाली पर केंद्रित एक अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल शैक्षणिक संवाद का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और भविष्य की वैश्विक संभावनाओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अमेरिका स्थित इलिनॉय विश्वविद्यालय की स्वच्छ कक्ष प्रयोगशाला से जुड़े अनुसंधान वैज्ञानिक रणवीर सिंह रहे, जिन्होंने सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माण की प्रक्रिया, स्वच्छ कक्ष वातावरण की आवश्यकता तथा भारत में इस क्षेत्र की अपार संभावनाओं पर सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग की सभी उन्नत तकनीकों की आधारशिला सेमीकंडक्टर है और इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भारत के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिनेश कुमार बरवड़ ने किया। उन्होंने बताया कि इस वैज्ञानिक संवाद से बुहाना ब्लॉक के लगभग 30 विद्यालय जुड़े और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने लाभ प्राप्त किया। आयोजन में शिक्षक अभिषेक, संजीत सिंह, सरिता, मोनिता, मंजू और पवन बरवड़ की सक्रिय सहभागिता रही। तकनीकी संचालन में प्रीतम सिंह और अश्वनी कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जबकि बैठक व्यवस्था का दायित्व सत्यपाल सिंह ने संभाला।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बलवान सिंह ने मुख्य वक्ता, सभी सहभागी विद्यालयों, शिक्षकगण और तकनीकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और राष्ट्र निर्माण की सोच को सुदृढ़ करते हैं। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
