राव इंद्रजीत सिंह को किसी के वजूद की जरूरत नहीं, बल्कि विरोधियों के वजूद को है राव साहब की जरूरत : आरती सिंह राव
कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने विरोधियों पर तीखा प्रहार करते हुए दिया जवाब
भीम प्रज्ञा न्यूज़ रेवाड़ी |
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव ने विरोधियों पर करारा हमला बोलते हुए साफ शब्दों में कहा कि राव इंद्रजीत सिंह सिर्फ दक्षिण हरियाणा ही नहीं, बल्कि प्रदेश के बड़े और कद्दावर नेता हैं।
उन्होंने अपने विरोधियों को दो टूक कहा कि राव इंद्रजीत सिंह को उनके वजूद की जरूरत नहीं है, बल्कि उनके वजूद को राव इंद्रजीत सिंह की जरूरत है। आरती सिंह राव का यह बयान ऐसे समय आया है जब बीते कुछ दिनों से राव इंद्रजीत सिंह बनाम विरोधी नेताओं के बीच सियासी बयानबाज़ी तेज़ चल रही है।
बता दें कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने दावा किया था कि अगर उनका समर्थन नहीं होता तो राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम से चुनाव नहीं जीत पाते। वहीं नांगल चौधरी के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अभय यादव ने भी राव इंद्रजीत सिंह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इन तमाम आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री आरती सिंह राव ने साफ कर दिया कि राव इंद्रजीत सिंह का राजनीतिक कद किसी परिचय या सहारे का मोहताज नहीं है।
वहीं इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरती राव ने मनरेगा का नाम बदलकर वीबी जी राम जी किए जाने पर कांग्रेस के विरोध को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद इस योजना का नाम तीन बार बदल चुकी है। पहले जवाहर योजना, फिर नरेगा और बाद में मनरेगा किया गया। अब भाजपा द्वारा एक बार नाम बदलने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या नाम बदलने का ठेका कांग्रेस ने ही ले रखा है?
इस मौके पर उनके साथ विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, नगर परिषद चेयरपर्सन पूनम यादव,
पूर्व जिला अध्यक्ष हुकम सिंह यादव, जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, धीरज शहबाजपुर, जतिन अरनेजा, प्रवीण शर्मा, नितेश अग्रवाल, सावन, सतपाल, नीतू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
