लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने कच्ची बस्ती में मनाई मकर संक्रांति, जरूरतमंदों संग बांटी खुशियां
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बुहाना।
समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्तियों को मुख्य धारा से जोड़ने और सेवा कार्यों को समर्पित शेखावाटी क्षेत्र में संचालित लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा मकर संक्रांति का पर्व सिंघानिया यूनिवर्सिटी के पास स्थित कच्ची बस्ती में जरूरतमंद परिवारों के बीच मनाया गया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने बस्तीवासियों के साथ पर्व की खुशियां साझा करते हुए सनातन संस्कृति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट मनोज पंवार, विकास कुमार एवं हनिश ने अपने हाथों से जरूरतमंद परिवारों को मकर संक्रांति के विशेष पकवान वितरित किए। बस्ती के बच्चों को तिल के लड्डू और मिठाइयां दी गईं, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। एडवोकेट मनोज पंवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों की असली खुशी जरूरतमंदों की सेवा में निहित है।
उन्होंने ट्रस्ट के निरंतर सेवा कार्यों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम तहसील प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट पिछले छह वर्षों से लगातार जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहा है और प्रत्येक बड़े त्योहार पर बस्तियों में पहुंचकर लोगों को अपनी संस्कृति व उत्सवों से जोड़ने का प्रयास करता है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट का सेवा गीत भी गाया गया, जिससे माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो गया। विकास कुमार ने बस्तीवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में समरसता और भाईचारा बढ़ता है। इस सेवा कार्य में हनिश, संजय सहित ट्रस्ट के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और वितरण व्यवस्था में सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में बस्तीवासियों ने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।
