बुहाना में पशु कल्याण पखवाड़े की शुरुआत, शिव गौरक्षा गौशाला में लगा पशु चिकित्सा शिविर
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बुहाना।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पशुपालन विभाग के प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय, बुहाना की ओर से पशु कल्याण पखवाड़े की शुरुआत शिव गौरक्षा गौशाला, बुहाना में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर की गई। शिविर में गायों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, बांझ निवारण, पशु पोषण एवं पशु प्रबंधन से संबंधित जानकारी गौभक्तों और पशुपालकों को दी गई। आयोजित पशुपालक गोष्ठी में राजस्थान, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से लगभग एक हजार से अधिक गौभक्तों ने भाग लिया।
शिविर का उद्घाटन श्री मौजनाथ जी महाराज, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. शिवकुमार सैनी एवं बीवीएचओ बुहाना डॉ. योगेश कुमार द्वारा किया गया। शिविर में पशुपालन विभाग के डॉ. साकेंद्र सिंह, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. कृष्ण यादव, डॉ. ब्रह्मानंद, डॉ. अंकित कुमार सहित अरविंद, नीतू, नेहा, राजेश, संदीप एवं अन्य कार्मिकों ने सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर गौभक्तों ने गायों को गुड़, दलिया एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा की तथा गौशाला परिसर में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया।
पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पशु कल्याण पखवाड़े के तहत आगे भी विभिन्न स्थानों पर जागरूकता एवं उपचार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
