सामाजिक समारोहों में डॉ. अम्बेडकर छात्रावास को सहयोग बन रहा नई परंपरा : गोयल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। सोहनलाल परिहार
सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में डॉ. अम्बेडकर छात्रावास, बीकानेर को सहयोग प्रदान करना अब समाज में एक सकारात्मक परंपरा का रूप लेता जा रहा है। विभिन्न परिवार अपने पारिवारिक व सामाजिक अवसरों पर छात्रावास को आर्थिक एवं संसाधन सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा और आवास की व्यवस्था को मजबूती मिल रही है। संस्थान के सचिव सोहन लाल गोयल ने बताया कि हाल ही में नापासर निवासी रमेश पड़िहार की पत्नी माया ने अपनी माता स्वर्गीय शारदा देवी जयपाल (पत्नी गोपीकिशन जयपाल, भीमनगर) की प्रथम पुण्यतिथि पर छात्रावास के लिए 1100 रुपये का सहयोग प्रदान किया।
साथ ही उन्होंने पीबीएम अस्पताल को एक व्हीलचेयर भी भेंट की। इसी क्रम में पिछले माह नापासर निवासी स्वर्गीय मंगतूराम पंवार की स्मृति में उनके परिवारजनों द्वारा छात्रावास को एक लाख रुपये का सहयोग प्रदान किया गया। वहीं मांगीलाल कड़ेला ने अपनी माता की स्मृति में 10,100 रुपये की सहायता राशि छात्रावास को दी। इसके अलावा कुचौर आथूनी निवासी स्वर्गीय पुरखाराम पंवार की आठवीं पुण्यतिथि पर उनके परिवार की ओर से 50,000 रुपये का सहयोग छात्रावास को सौंपा गया।
सोहन लाल गोयल ने बताया कि अब समाज के लोग विवाह, मायरा, जन्मदिन एवं पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर डॉ. अम्बेडकर छात्रावास को सहयोग देकर सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यह परंपरा न केवल छात्रावास के संचालन में सहायक है, बल्कि समाज में सेवा, एकजुटता और सहयोग की भावना को भी सशक्त बना रही है। डॉ. अम्बेडकर छात्रावास संचालन समिति एवं अनुसूचित जाति जनजाति मानव कल्याण संस्थान, बीकानेर ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।
