स्वास्थ्य के सौदागर : मिलावट का ज़हर और मौन व्यवस्था
संपादकीय@Haresh Panwar
स्वास्थ्य के सौदागर : मिलावट का ज़हर और मौन व्यवस्था
आज का भारत प्रगति, तकनीक और बाजार की चकाचौंध में आगे बढ़ता दिखाई देता है, लेकिन इसी चमक-दमक के पीछे एक भयावह सच्चाई छिपी है—मिलावट का वह ज़हर, जो चुपचाप देश की युवा संपदा को निगल रहा है। मुनाफे की अंधी दौड़ में कुछ लोग केवल उत्पाद नहीं बेच रहे, बल्कि आमजन का स्वास्थ्य, विश्वास और भविष्य दांव पर लगा रहे हैं। यह केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक पतन का स्पष्ट प्रमाण है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
आज बाजार में शुद्धता केवल पैकेट पर लिखे शब्दों तक सिमट कर रह गई है। दूध, घी, मावा, पनीर, दही और मिठाइयाँ—जो कभी पोषण और सात्विकता का प्रतीक थीं—आज मिलावटखोरी के सबसे बड़े शिकार हैं। दूध में पानी मिलाना तो पुरानी बात हो गई, अब केमिकल से “दूध जैसा” पदार्थ तैयार कर अवैध फैक्ट्रियों में खुलेआम बेचा जा रहा है। यह केवल धोखा नहीं, बल्कि धीमा ज़हर है, जिसका असर वर्षों बाद बीमारियों के रूप में सामने आता है।
विडंबना यह है कि जिन इलाकों में पशुधन नाममात्र का है, वहां दूध और घी का उत्पादन क्विंटलों में दिखाया जा रहा है। सवाल उठता है—जब घर में एक बकरी या गाय भी नहीं, तो यह दूध और घी कहां से आ रहा है? सच्चाई यह है कि यह देसी घी नहीं, बल्कि वनस्पति, केमिकल और मिलावट का घातक मिश्रण है, जिसे “शुद्ध” बताकर बेचा जा रहा है।
शेखावाटी अंचल, विशेषकर चिड़ावा कस्बा, कभी अपनी मिठाइयों और पेड़ों की गुणवत्ता के लिए देश-दिसावर में पहचाना जाता था। आज वही पहचान मिलावट की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। प्रसिद्धि के नाम पर गर्व से सिर उठाने वाले लोग अब मौन साधे बैठे हैं, क्योंकि कुछ मुनाफाखोरों ने सामूहिक प्रतिष्ठा को भी गिरवी रख दिया है। यह केवल एक कस्बे की कहानी नहीं, बल्कि देश के लगभग हर छोटे-बड़े बाजार की हकीकत बन चुकी है।
सर्दी के मौसम में देसी घी और उससे बने खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी मांग का फायदा उठाकर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। परचून की दुकानों पर “देवताओं की ज्योत-बत्ती” के नाम पर खरीदा गया वनस्पति घी, दूध में मिलाकर उबाला जाता है, मक्खन जमाया जाता है और फिर उसी से “देसी घी” बनाकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। यह दृश्य केवल धोखे का नहीं, बल्कि उस सामाजिक पतन का है जहां आस्था, परंपरा और स्वास्थ्य—तीनों को एक साथ ठगा जा रहा है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि प्रशासन का रवैया अक्सर मौन रहता है। छापे कभी-कभार लगते हैं, लेकिन स्थायी और कठोर कार्रवाई का अभाव साफ नजर आता है। खाद्य सुरक्षा विभाग की सीमित सक्रियता, संसाधनों की कमी और कहीं न कहीं मिलीभगत की आशंका इस गोरखधंधे को और बढ़ावा देती है। जब कानून ढीला पड़ता है, तो मिलावटखोरी बेलगाम हो जाती है।
इसका सबसे बड़ा शिकार आम नागरिक और विशेषकर युवा पीढ़ी है। मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण पाचन तंत्र की बीमारियाँ, हार्मोनल असंतुलन, कैंसर जैसी गंभीर समस्याएँ बढ़ रही हैं। यह केवल वर्तमान की समस्या नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर सीधा हमला है। जिस युवा शक्ति पर देश का भविष्य टिका है, वही धीरे-धीरे इस ज़हर से कमजोर की जा रही है।
अब समय आ गया है कि मिलावट के खिलाफ केवल शिकायत नहीं, बल्कि जन आंदोलन खड़ा किया जाए। उपभोक्ताओं को जागरूक होना होगा—सस्ता और चमकदार देखकर खरीदना बंद करना होगा। स्थानीय स्तर पर शुद्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन देना, संदिग्ध उत्पादों का बहिष्कार करना और मिलावट की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाना हर नागरिक का दायित्व बनता है।
साथ ही प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। नियमित जांच, सख्त दंड, लाइसेंस रद्दीकरण और सार्वजनिक रूप से दोषियों के नाम उजागर करने जैसे कदम ही इस व्यापार पर लगाम लगा सकते हैं। यह केवल कानून का सवाल नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वास्थ्य और नैतिकता का प्रश्न है।
अंततः, “शुद्ध के लिए युद्ध” केवल नारा नहीं, बल्कि समय की मांग है। यदि आज हमने मिलावट के खिलाफ आवाज नहीं उठाई, तो कल हमारी थाली में केवल भोजन नहीं, बीमारी परोसी जाएगी। स्वास्थ्य के सौदागरों के खिलाफ चेतना, संघर्ष और सामूहिक जिम्मेदारी ही इस ज़हर का प्रतिरोध कर सकती है। यही समाज और राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा होगी।
भीम प्रज्ञा अलर्ट
जो समाज शुद्धता, ईमानदारी और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देता है, वही सच अर्थों में समृद्ध होता है; क्योंकि धन से नहीं, स्वस्थ और जागरूक नागरिकों से राष्ट्र का भविष्य बनता है।
