दुधवा में मनोज घुमरिया का भव्य नागरिक अभिनंदन
भगवान देवनारायण जयंती पर सर्व समाज ने किया सम्मान, ट्रैक्टर रैली व रोड शो से हुआ स्वागत
भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी।
भगवान देवनारायण जयंती के पावन अवसर पर दुधवा गांव में सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जब खेतड़ी विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे एवं सामाजिक कल्याण संस्थान मदद फाउंडेशन के संस्थापक मनोज घुमरिया का सर्व समाज की ओर से भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। मनोज घुमरिया के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली के माध्यम से उनका जोरदार स्वागत किया। रोड शो के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। गांव के खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का स्वरूप भव्य बन गया।
जनता के नाम संदेश : राजनीति सेवा का माध्यम बने

समारोह को संबोधित करते हुए मनोज घुमरिया ने कहा कि आज की राजनीति में अधिकांश लोग पैसा कमाने की सोच लेकर आते हैं। चुनाव जीतने के बाद जनहित के बजाय निजी स्वार्थों की योजनाएं बनाई जाती हैं, जबकि क्षेत्र के विकास की ठोस रणनीति पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जाति और धर्म के नाम पर नेता तो चुन लिए जाते हैं, लेकिन आमजन का वास्तविक भला नहीं हो पाता।उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने व्यापार और परिश्रम से अर्जित संसाधनों का उपयोग हमेशा जनकल्याण के कार्यों में किया है। जब-जब क्षेत्र की जनता ने उन्हें पुकारा, वे हर सामाजिक कार्य में आगे आए हैं।
शिक्षा, जल और समाज सेवा में सक्रिय योगदान
मनोज घुमरिया ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान के लिए बोरवेल निर्माण, गौशालाओं का विकास, मंदिरों का जीर्णोद्धार, शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग तथा विभिन्न स्थानों पर चार निशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य का निर्माण कर चुके हैं।
दुधवा में विकास कार्यों की घोषणा
इस अवसर पर उन्होंने दुधवा गांव में समाज कल्याण भवन में बोरवेल व पाइपलाइन कार्य, धर्मपाल डोई को ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने तथा शीतला माता मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य में सहयोग करने की घोषणा की, जिसका ग्रामीणों ने तालियों से स्वागत किया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में करणी सेवा के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र फौजी, दुधवा के उपसरपंच बुधराम शर्मा, एडवोकेट कृष्ण कुमार, पार्षद हरमेंद्र चाननिया, गोकुल मेहरड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कैलाश कसाना, रामस्वरूप सूबेदार, छाजूराम खटाणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन मनीष घुमरिया ने किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने मनोज घुमरिया के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

