भारत निर्वाचन आयोग ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की तिथियों में एक सप्ताह का विस्तार कर दिया है। आयोग के अनुसार अब अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी।
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सत्यापन 4 दिसंबर तक होना था, जिसे अब 11 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। इसी तरह पहली ड्राफ्ट सूची, जो 9 दिसंबर को प्रकाशित होनी थी, अब 16 दिसंबर को जारी की जाएगी।
राजस्थान ने निर्धारित समय से पहले किया 95% डिजिटलाइजेशन
राजस्थान में भले ही समय सीमा बढ़ा दी गई हो, लेकिन प्रदेश का डिजिटलाइजेशन कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
कुल 5,46,56,215 गणना प्रपत्रों में से 5.24 करोड़ से अधिक को ECI-NET पर सफलतापूर्वक अपलोड कर दिया गया है। यह निर्धारित अवधि से पहले 95.9% उपलब्धि है।
राज्य के 25,000+ पोलिंग बूथों पर BLO द्वारा काम शत–प्रतिशत पूरा किया गया है।
बाड़मेर, सलूंबर, बालोतरा और झालावाड़ जिलों में 100% प्रपत्र डिजिटलाइज किए जा चुके हैं।
इसके अलावा निम्न 15 विधानसभा क्षेत्रों में भी 100% डिजिटाइजेशन पूरा हो गया है:
खानपुर, सिवाना, डग, मनोहर थाना, भीनमाल, सलूंबर, चौहटन, पचपदरा, राजगढ़–लक्ष्मणगढ़, गुड़ामालानी, झालरापाटन, बाड़ी, शिव और बाड़मेर।
SIR का नया संशोधित कार्यक्रम (रीशेड्यूल)
गणना चरण
➡️ अब तक चलेगा: 11 दिसंबर 2025 (गुरुवार)
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी
➡️ नई तिथि: 16 दिसंबर 2025 (मंगलवार)
दावे और आपत्तियाँ जमा करने की अवधि
➡️ 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) तक
नोटिस, सुनवाई और सत्यापन चरण
➡️ 16 दिसंबर 2025 से 7 फरवरी 2026 (शनिवार) तक
इस दौरान ERO दावों/आपत्तियों का निपटान भी साथ-साथ करेंगे।
अंतिम मतदाता सूची
➡️ अब 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को प्रकाशित होगी।
कर्मचारियों के तबादलों पर रोक भी एक सप्ताह और बढ़ेगी
SIR में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों के ट्रांसफर पर लगी रोक भी उतने ही समय के लिए आगे बढ़ जाएगी।
राज्य में स्थानीय चुनावों की तिथियां अभी तय नहीं हुई हैं, लेकिन SIR की डेडलाइन बढ़ने से चुनावी तैयारी की प्लानिंग पर थोड़ा असर पड़ना तय है।
महत्वपूर्ण बात
भारत निर्वाचन आयोग ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम में 01 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का अर्हक तिथि (Qualifying Date) माना गया है।
