भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। केन्द्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल को लोकसभा की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित अपने निवास पर सौहार्दपूर्ण मुलाक़ात हेतु आमंत्रित किया। आत्मीय बातचीत के उपरांत सभी प्रतिनिधियों को लोकसभा ले जाया गया, जहाँ उन्होंने सदन में चल रही बहस को सीधे देखा और संसदीय परंपराओं, अनुशासन एवं निर्णय प्रक्रिया को नज़दीक से समझने का अवसर प्राप्त किया। लोकसभा भवन की भव्यता, उत्कृष्ट शिल्पकला, भारतीय संस्कृति का प्रतिबिंब और आधुनिकता का संगम सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कलात्मक नक्काशी, विस्तृत गलियारे, शांत वातावरण और अनुशासित संसदीय व्यवस्था ने प्रतिनिधिमंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। चाय पर आयोजित चर्चा के दौरान मंत्री महोदय के साथ नीमराना और बहरोड़ क्षेत्र के विकास पर विस्तृत विमर्श हुआ। विशेष रूप से ERCP योजना के माध्यम से क्षेत्र में पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के विषय पर सारगर्भित चर्चा हुई। माननीय मंत्री जी ने आश्वस्त किया कि यह महत्वपूर्ण परियोजना शीघ्र ही धरातल पर उतारी जाएगी, जिससे उद्योगों, MSME इकाइयों और स्थानीय नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचेगा। नीमराना एवं बहरोड़ क्षेत्र में UIT के गठन पर भी रचनात्मक विचार-विमर्श हुआ, ताकि शहरी ढांचे को सुदृढ़ किया जा सके तथा औद्योगिक विस्तार, आवासीय विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुव्यवस्थित दिशा मिले। मंत्री ने इस सुझाव को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए इसे आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
