-ज्ञान, आस्था और संस्कृति के संगम के साथ गीता महोत्सव का भव्य समापन, फतेहाबाद आध्यात्मिक रंगों में रंगा
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। स्थानीय पंचायत भवन में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गीता महोत्सव का सोमवार शाम को गरिमामयी वातावरण में विधिवत समापन हुआ। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती की सम्मानित उपस्थिति में सम्पन्न हुए समापन समारोह में दीपोत्सव, आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया।
महोत्सव के अंतिम दिन सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आस्था और आध्यात्मिकता की अद्भुत छटा बिखेरी। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने इस अवसर पर प्रतिभागियों, सामाजिक संगठनों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और कलाकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
समापन सत्र के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विभागों ने सरकारी योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी अभियानों को जिस सजीव और प्रभावी तरीके से प्रदर्शित किया है, वह प्रशंसनीय और जनहित में अत्यंत उपयोगी है। उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव की शुरुआत जितनी भव्य थी, उसका समापन उससे भी बढक़र उत्कृष्ट, समृद्ध और प्रेरणादायक रहा। गीता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का यह एक सफल एवं सार्थक प्रयास रहा है।
गीता—भारतीय संस्कृति का शाश्वत मार्गदर्शक: डॉ. विवेक भारती
अपने संबोधन में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि गीता भारतीय संस्कृति की धरोहर का मूल सार है, जिसमें जीवन का विज्ञान, कर्तव्य का मार्ग और धर्म की सच्ची परिभाषा समाहित है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की तर्ज पर हर जिले में गीता महोत्सव मनाने का राज्य सरकार का निर्णय सांस्कृतिक जागृति और आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गीता हमें यह भी स्पष्ट संदेश देती है कि पूर्ण तमन्यता से किए गए कार्य पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम हमें भारतीय संस्कृति से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। यह सांस्कृतिक धरोहर से जुडऩे का एक महत्वपूर्ण प्लेटफार्म है। उन्होंने कहा कि गीता के ज्ञान को जीवन में धारण कर हम स्वयं को भी उन्नत कर सकते हैं और समाज को भी।
योगदान के लिए हुआ सम्मान—प्रतिभा और सेवा को मिला प्रोत्साहन
गीता महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी प्रतिभागियों, समाजसेवी एवं धार्मिक संस्थाओं, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को उपायुक्त द्वारा स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दीपदान कार्यक्रम ने समापन समारोह को और भी दिव्य बना दिया। कार्यक्रम में एसडीएम राजेश कुमार, नगराधीश गौरव गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, उपनिदेशक अमित पंवार, जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई, डीएचओ डॉ. श्रवण कुमार, डीईईओ अनिता, जियो गीता दीपक सरदाना, नरेंद्र मोंगा, समाजसेवी महेंद्र वधवा, राधेश्याम नारंग, सुदामा शास्त्री सहित कई सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहें।
