दिव्यांग महिला व पुरुषों का किया सम्मान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी मुकेश सैनी रहे
भीम प्रज्ञा न्यूज़ सिंघाना।
सिंघाना में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास दिव्यांग दिवस पर एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनो के आत्मविश्वास को मजबूत करने, उनके हक–अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ट्रस्ट सदस्यों द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न दिव्यांग महिला एवं पुरुषों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट द्वारा उन्हें प्रतीक चिन्ह, शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी मुकेश सैनी ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की शक्ति हैं और उन्हें सुविधाओं, अवसरों एवं सम्मान का पूरा अधिकार है। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि समाज को मिलकर इन विशेष व्यक्तियों के लिए अधिक अनुकूल माहौल तैयार करना चाहिए। अध्यक्षता कर रहे महावीर यादव ठेकेदार ने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी तरह से कम नहीं हैं। उचित सहयोग और सकारात्मक माहौल मिले तो वे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने ट्रस्ट के सेवा कार्यों को सराहनीय बताया। ट्रस्ट प्रभारी नरेंद्र स्वामी ने संगठन द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों, सेवा गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज में जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में मुन्ना राजोरा, शबीर खान, संजय भाता लोहार सहित कई गणमान्य लोग, ट्रस्ट सदस्य, छात्र तथा ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने दिव्यांगजनों के साथ संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने समाज में संवेदना, सहयोग और समानता का सुंदर संदेश दिया।
