रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। नगर पालिका क्षेत्र के गांव दौलतसिंहपुरा एवं आस-पास की ढाणियों में लंबे समय से जारी अनियमित विद्युत सप्लाई के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को जीएसएस दौलतसिंहपुरा पर जोरदार धरना–प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि तय समय पर बिजली सप्लाई नहीं मिलने से खेती-किसानी, पशुपालन और घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि में तय शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं आती, जिससे किसानों को पूरी रात ठंड में इंतजार करना पड़ता है। दिन में न तो पीने के पानी की व्यवस्था हो पाती है और न ही पशुओं के लिए पानी उपलब्ध हो पाता है। अनियमित सप्लाई के कारण फसल सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नीमराना के सहायक अभियंता गजेंद्र सिंह यादव एवं विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष रात में निर्धारित समय पर बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने तथा दिन में कम से कम एक घंटे पानी भरने हेतु बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी। विधायक ललित यादव के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे संजय लंबरदार ने ग्रामीणों व विभाग के बीच वार्ता कराई। बातचीत के बाद सहायक अभियंता द्वारा ग्रामीणों की मांगों पर सहमति व्यक्त की गई, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
