सिमनी में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में शिक्षकों ने भी सक्रिय रूप से लिया भाग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को मिला बढ़ावा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.सिंघाना। कैंब्रिज किड्स प्ले विद्यालय ने बुधवार को अपने परिसर में ‘स्पोर्ट्स मीट’ का भव्य आयोजन किया, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक खेल-कूद का आनंद लिया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। स्कूल की प्रिंसिपल, काजल डुडेजा ने स्वागत भाषण में स्पोर्ट्स मीट के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “स्पोर्ट्स मीट का मुख्य उद्देश्य बच्चों में टीम-स्पिरिट, शारीरिक फिटनेस और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।” उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि इस आयोजन में शिक्षक-समुदाय ने भी सक्रिय भागीदारी की, जिससे छात्रों को अतिरिक्त प्रेरणा मिली। आयोजन के दौरान, न केवल छात्रों ने, बल्कि शिक्षकों ने भी विभिन्न खेलों में हिस्सा लेकर प्रतिस्पर्धा की और खेल भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह, सहयोग और खेल के नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। इस स्पोर्ट्स मीट ने विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।
