भीम प्रज्ञा न्यूज़.बाड़मेर। नैशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (तिलहन योजना) के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बाटाडू मुख्यालय पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को तिलहन की खेती और बागवानी से जुड़ी नवीनतम जानकारी और आवश्यक कौशल प्रदान करना था, ताकि वे अपनी उपज और आय में वृद्धि कर सकें। कार्यशाला में राजकीय कृषि महाविद्यालय बाटाडू के डीन डॉ. राजू लाल भारद्वाज ने बागवानी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने किसानों को फसलों की उन्नत तकनीकों और आधुनिक खेती के तरीकों से अवगत कराया, जिससे उनकी पैदावार बढ़ाई जा सके। प्रगतिशील किसान और आईजी थार विलेज झाक के संस्थापक डॉ. देवाराम पंवार ने सरकारी योजनाओं के लाभ उठाने के तरीकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि उन्हें केंद्र और राज्य सरकार द्वारा तिलहन और कृषि के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न योजनाओं का भरपूर फायदा उठाना चाहिए, जो उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में सहायक होंगी। कार्यशाला में हुड्डा की ढाणी प्रशासक मोहनलाल हुड्डा, पंचायत समिति सदस्य लक्ष्मणराम कुमावत, सहायक कृषि अधिकारी सांवरमल ओला, कृषि पर्यवेक्षक मनोहरलाल, तुलसाराम डूडी, अशोक कुमार सहित सैकड़ों किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित सभी किसानों ने इस आयोजन को अपने लिए काफी उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
इस कार्यशाला के माध्यम से किसानों के बीच तिलहन के महत्व, उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी फैलाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है, जो स्थानीय कृषि विकास के लिए सहायक सिद्ध होगा।
