ऑनलाइन टिकट से दिल्ली-जयपुर-पिनान से हो सकेंगे बालाजी के सीधे दर्शन।
हेलीपैड पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत, पंच गौरव स्थलों को भी जोड़ा गया हवाई मार्ग से।
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.दौसा।
मेहंदीपुर बालाजी—विश्वभर में आस्था का केंद्र माने जाने वाले सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ हुआ, जिसने जिले में धार्मिक पर्यटन की नई दिशा तय कर दी। सुबह करीब 11 बजे मीन भगवान मंदिर के पास बने नए हेलीपैड पर जब पहला हेलीकॉप्टर श्रद्धालुओं को लेकर उतरा तो देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। उतरने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत स्कूली बालिकाओं और जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक माला पहनाकर और तिलक लगाकर किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और भक्ति से भर गया।हेलीकॉप्टर सेवा के लोकार्पण मौके पर जिले के सिकराय विधायक विक्रम बंसीवाल, महवा विधायक राजेंद्र मीना, बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा, लालसोट विधायक रामविलास मीना, जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को धार्मिक पर्यटन और दौसा जिले की अर्थव्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए सराहना की।नई सेवा के तहत श्रद्धालु अब दिल्ली, जयपुर और पिनान से ऑनलाइन टिकट बुक कराकर सीधे मेहंदीपुर बालाजी के लिए हेलीकॉप्टर में बैठ सकेंगे। इससे हजारों भक्तों की यात्रा का समय कम होगा और आने वाले दिनों में जिले में रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
धार्मिक महत्व को और मजबूत करते हुए इस हवाई सेवा को जिले के पंच गौरव—आभानेरी की ऐतिहासिक चांदबावड़ी, झाझीरामपुरा और पपलाज माता मंदिर तक भी जोड़ा गया है, जिससे जिले की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को व्यापक पहचान मिलने लगी है। उद्घाटन के बाद जिले के चारों भाजपा विधायकों ने हेलीकॉप्टर से बालाजी महाराज के मंदिर के ऊपर विशेष पुष्पवर्षा कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग दिया। उधर निजी कंपनी द्वारा सेवा शुरू किए जाने से आमजन और श्रद्धालु दोनों में नया रोमांच देखने को मिला, जबकि सुरक्षा और व्यवस्थाओं को देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अमला पूरे समय मौके पर मुस्तैद रहा। नई हेलीकॉप्टर सेवा ने मेहंदीपुर बालाजी में आस्था, पर्यटन और विकास की उड़ान को सचमुच नए पंख दिए है।
