क्षेत्र में खूनी संघर्ष: RK-0056 ग्रुप ने हत्यारों को घेरकर पीटा, मौत का वीडियो वायरल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नवलगढ़/खिरोड़।
झुंझुनूं के नवलगढ़ क्षेत्र में गुरुवार को दो विरोधी गैंगों के बीच हुए भीषण गैंगवार में रानोली थाने के हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू समेत दो बदमाशों की मौत हो गई। यह वारदात गोठड़ा थाने के हिस्ट्रीशीटर रवींद्र कटेवा की हत्या की सुपारी को लेकर हुई थी। रवींद्र कटेवा और उसके आरके 0056 ग्रुप के सदस्यों ने हमलावरों का तीन किलोमीटर तक पीछा किया, गोलीबारी की और फिर दो बदमाशों को घेरकर बेरहमी से पीटा। रानोली थाने का हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत अपने तीन साथियों के साथ खिरोड़ की कैमरी की ढाणी स्थित रवींद्र कटेवा के घर पहुंचा। उन्होंने रवींद्र पर जानलेवा फायरिंग की, लेकिन रवींद्र कटेवा ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई और तुरंत जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी हमले के बाद हमलावर अपनी कार छोड़कर भागने लगे। रवींद्र और उसके साथियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कैमरी की ढाणी से लेकर रणवां की ढाणी तक लगभग तीन किलोमीटर तक दोनों गुटों के बीच गोलीबारी चलती रही, जिससे पूरे इलाके के ग्रामीण दहशत में आ गए।
रणवां की ढाणी में घेरकर बेरहमी से पिटाई
गोलीबारी के बीच, रवींद्र कटेवा और उसके साथियों ने ग्रामीणों की मदद से रणवां की ढाणी के एक खेत में बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान रानोली थाने का हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू गोली लगने से मौके पर ही ढेर हो गया। अन्य दो बदमाशों को पकड़ लिया गया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पकड़े गए दोनों बदमाशों को खुद हिस्ट्रीशीटर रवींद्र कटेवा ने अपने साथियों के साथ मिलकर पैंट के बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे वे अधमरे हो गए। पिटाई का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रवींद्र कटेवा भींचरी निवासी बदमाश पोंटू को अर्द्धनग्न कर बेल्ट से पीटता हुआ नजर आ रहा है और बार-बार पूछ रहा है कि उसे किसने भेजा था।
50 लाख की सुपारी का हुआ खुलासा
पकड़े गए बदमाशों ने पिटाई के दौरान खुलासा किया कि वे श्रवण भादवासी के कहने पर रवींद्र कटेवा की हत्या करने आए थे। उन्होंने बताया कि उन्हें रवींद्र की हत्या के लिए 50 लाख रुपए की सुपारी दी गई थी, जिसमें से 5 लाख रुपए टोकन मनी के रूप में दिए गए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इस सुपारी की बात पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
गैंगवार की जड़: जमीन विवाद और पुरानी रंजिश
यह पूरी वारदात रवींद्र कटेवा (आरके 0056 ग्रुप) और श्रवण भादवासी के बीच चल रही लंबी रंजिश का नतीजा है। दोनों सरगनाओं के बीच दुजोद में स्थित बेशकीमती जमीन पर कब्जे को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है। पूर्व में, 25 नवंबर 2024 को भी रवींद्र के ग्रुप ने श्रवण और उसके साथियों पर हमला किया था, जिसके बाद से दोनों गुटों में तनाव गहराया हुआ था। रवींद्र कटेवा गोठड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं।
चश्मदीद का खुलासा और पुलिस कार्रवाई
खिरोड़-बेरी रास्ते से गुजर रहे दयाराम बाजिया ने बताया कि बदमाशों ने उनसे उनकी मोटरसाइकिल छीनने के लिए हवाई फायर कर डराने की कोशिश की। उसी दौरान रिटायर्ड फौजी केसर देव के आने पर बदमाश भागे और खेत में पकड़े गए। जयपुर रेंज के आईजी सघवेन्द्र सुहास ने पुष्टि की है कि फायरिंग में दो की मौत हुई है और दोनों पक्षों के पाँच लोगों को डिटेन कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
