भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने दौसा जिले में अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए मंडावर निवासी वरिष्ठ पत्रकार मनोज खंडेलवाल को दौसा जिला संगठन मंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति महासम्मेलन के संभागीय आयुक्त एवं दौसा जिलाध्यक्ष मनोहरलाल गुप्ता द्वारा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दौसा जिला मुख्य संरक्षक रमेश खंडेलवाल (मंडावर वालो) की सहमति से की गई है। नियुक्ति के साथ ही संगठन की नीतियों, अनुशासन और तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए जिले में संगठन को सशक्त बनाने की स्पष्ट जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। मनोज खंडेलवाल ने अपनी नियुक्ति पर संगठन नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे महासम्मेलन की विचारधारा, नियमों और सामाजिक उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करेंगे तथा वैश्य समाज को संगठित, जागरूक और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उनकी नियुक्ति की सूचना मिलते ही संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, समाजबंधुओं और परिचितों में उत्साह का माहौल बन गया। बधाइयों का सिलसिला फोन कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जारी है। समाज के वरिष्ठ लोगों का कहना है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे अनुभव और सामाजिक सरोकारों की मजबूत समझ रखने वाले मनोज खंडेलवाल की नियुक्ति से जिले में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।
