भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग झुंझुनूं के संयुक्त तत्वावधान में एनआरडीडी अस्पताल में चल रहे दस दिवसीय निःशुल्क क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कैलाश चंद्र यादव एवं समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया द्वारा गुरुवार को निरीक्षण किया गया। दोपहर करीब तीन बजे सीईओ कैलाश चंद्र यादव शिविर स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने सभी छह वार्डों में भर्ती 113 रोगियों से मुलाकात कर आवास, भोजन, औषधि एवं ऑपरेशन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।रोगियों द्वारा व्यवस्थाओं की सराहना किए जाने पर सीईओ यादव ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित इस आरोग्य शिविर को झुंझुनूं की जनता के लिए वरदान बताया। उन्होंने आयोजन के लिए आयुर्वेद विभाग झुंझुनूं एवं एनआरडीडी अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप ढूकिया के प्रयासों की सराहना की।
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया ने आयुर्वेद विभाग की विशिष्ट चिकित्सा पद्धतियों जैसे पंचकर्म थैरेपी, अग्निकर्म एवं विद्वकर्म के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित प्रभारी चिकित्सकों से चर्चा की तथा इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. जितेंद्र स्वामी के साथ सभी वार्ड, ओपीडी यूनिट, पंचकर्म कक्ष, अग्निकर्म कक्ष, विद्वकर्म कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, लैब जांच कक्ष, प्रदर्शनी स्थल एवं हर्बल गार्डन का अवलोकन किया। उन्होंने आयुर्वेद विभाग एवं एनआरडीडी अस्पताल के कार्मिकों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर के मुख्य शल्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कानोड़िया ने बताया कि ऑपरेशन से पूर्व प्रत्येक रोगी की आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति के सभी मापदंडों के अनुसार जांच की जा रही है। अब तक 69 ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं, जो देर रात तक जारी रहेंगे। ऑपरेशन किए गए सभी रोगी पूर्ण रूप से स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं। शिविर प्रभारी डॉ. महेश माटोलिया ने बताया कि चौथे दिन तक 1177 रोगियों को विभिन्न आयुर्वेदिक विधाओं से उपचार प्रदान किया गया है, वहीं 1896 व्यक्तियों को योग परामर्श, स्वस्थ जीवनशैली मार्गदर्शन एवं रोग प्रतिरोधक क्वाथ वितरण से लाभान्वित किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकीय मापदंडों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई। चिकित्सकों के निवेदन पर निरीक्षण अधिकारियों ने मास्क एवं कैप धारण कर तथा उचित सैनिटाइजेशन के बाद ही परिसर में प्रवेश किया। निरीक्षण दल में सीईओ कैलाश चंद्र यादव, डॉ. पवन पूनिया, डॉ. जितेंद्र स्वामी, डॉ. महेश माटोलिया, डॉ. संदीप ढूकिया एवं सर्जन डॉ. सुनील कानोड़िया उपस्थित रहे। सीईओ के निर्देश पर ऑपरेशन हेतु पंजीयन तिथि एक दिन के लिए बढ़ाई गई।
