भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। मोहिनी देवी गोयनका महिला महाविद्यालय में 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रथम और द्वितीय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी भगवान सिंह झुरिया , विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय गोपाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित हर्षित झुरिया एवं मोहिनी देवी गोयनका बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ राकेश बुढ़ानिया थे। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ अर्चना शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए देश की युवा पीढ़ी को सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय विकास में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि भगवान सिंह झुरिया ने छात्राओं को अपनी पहचान बनाते हुए परंपरागत सोच से कुछ अलग हटकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। हर्षित झुरिया ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही यह तय कर लिया था कि उन्हें अपनी पढ़ाई के बाद देश की परंपरागत संस्कृति और राष्ट्रीय विकास में अपना योगदान देना है, इसीलिए अमेरिका में कॉर्पोरेट क्षेत्र में नौकरी को छोड़कर स्वदेशी गायों पर नवाचार,अनुसंधान और विकास को अपना लक्ष्य बनाया और आज 350 से भी अधिक गायों की हाईटेक डेयरी फार्म स्थापित करके स्टार्टअप की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। गोयनका बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ राकेश बुढ़ानिया ने छात्राओं को अध्ययन के साथ-साथ अन्य गतिविधियों जैसे खेलकूद एनएसएस एनसीसी, सांस्कृतिक आदि में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी रजनी जोशी ने 7 दिवस में आयोजित गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें एकल नृत्य, गायन और विचित्र वेशभूषा आदि में छात्राओं ने अपने प्रस्तुति दी। सात दिवसों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रतिभाओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।द्वितीय इकाई के प्रभारी पुष्पा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।असेंबली में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया गया इस दौरान बीएड महाविद्यालय और डिग्री महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
