*भीम प्रज्ञा न्यूज़ झुंझुनू।*
राज्यव्यापी सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत मंगलवार 23 दिसंबर 2025 को सूरजगढ़ मोड़ स्थित श्री बालाजी बस बॉडी वर्क्स, चिड़ावा में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिवहन निरीक्षक रमेश कुमार यादव ने बस बॉडी निर्माण से जुड़े मालिकों एवं कर्मचारियों को बस बॉडी कोड AIS 052, AIS 063, AIS 119 व AIS 153 की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में इमरजेंसी दरवाजे, एस्केप हैच, फायर सेफ्टी नॉर्म्स (एफडीएसएस) का पालन अनिवार्य है। साथ ही पुरानी बसों में इमरजेंसी दरवाजा कहां और किस प्रकार बनाया जाए तथा एस्केप हैच की संख्या और स्थान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परिवहन निरीक्षक ने नए मानकों के अनुसार दिव्यांगजनों के लिए बसों में नीलिंग सिस्टम, रैम्प एवं व्हीलचेयर की सुविधा, वीएलटीडी और पैनिक बटन की उपयोगिता और अनिवार्यता के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने मौके पर ही पुरानी बसों में इमरजेंसी दरवाजा एवं एस्केप हैच तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में यात्रियों की जान बचाई जा सकें। इस अवसर पर बस ऑपरेटर विजय, राकेश, धर्मपाल, बिशंबर, नरेश सहित वर्कशॉप का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बस निर्माण एवं संचालन से जुड़े सभी पक्षों को नवीन सुरक्षा मानकों से अवगत कराकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
