सीसीटीवी में कैद वारदात, पहले भी मिल चुकी थीं जान से मारने की धमकियां
विवाहित पूनम ने खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर को लेकर लगाए गंभीर आरोप
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पिलानी।
झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना क्षेत्र के देवरोड गांव में सोमवार आधी रात को ऑनर किडनैपिंग की कोशिश का गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। लव मैरिज से नाराज विवाहिता के भाई और जीजा ने पिस्टल, लाठी-डंडों से लैस होकर करीब एक दर्जन साथियों के साथ उसके ससुराल पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, परिजनों से मारपीट की और विवाहिता को जबरन अगवा करने का प्रयास किया। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:30 बजे दो थार गाड़ियों में सवार होकर आरोपी घर पहुंचे। आरोपियों में विवाहिता का भाई अमित निवासी बेसरड़ा, जीजा राजेश निवासी डूमोली खुर्द, अंकित और खलील सहित अन्य लोग शामिल थे। सभी आरोपी हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही उन्होंने विवाहिता के ससुर इंद्र गुर्जर को बरामदे में पकड़ लिया और उनकी कनपटी पर पिस्टल रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर के दरवाजे और शटर तोड़ दिए गए।
*कमरे का दरवाजा तोड़कर घसीटते हुए ले जाने लगे*
आरोपियों ने उस कमरे का दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया, जिसमें विवाहिता पूनम अपनी सास और ननद के साथ सो रही थी। दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने पूनम को बालों से पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया और जबरन बाहर ले जाकर थार गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जाग गए और लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपी विवाहिता का सोने का मंगलसूत्र भी छीन ले गए।
*इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी, आर्य समाज में हुआ विवाह*
पीड़ित पति अजय गुर्जर (24) ने बताया कि वह देवरोड गांव का निवासी है और कुछ समय पहले हैदराबाद में काम करता था। उसकी मुलाकात पूनम (20) निवासी खेतड़ी से दो साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों में प्रेम संबंध हो गया। पूनम की बचपन में ही उसकी छोटी बहन के साथ शादी तय कर दी गई थी और वर्ष 2021 में दोनों बहनों की शादी कर दी गई थी, लेकिन पूनम इस रिश्ते से खुश नहीं थी। बालिग होने के बाद जब परिजन पूनम को जबरन ससुराल भेजने का दबाव बना रहे थे, तब पूनम ने अजय के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। इसी कारण दोनों ने 29 जुलाई 2025 को जयपुर के झोटवाड़ा स्थित आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया। अगले दिन 30 जुलाई को विवाह का विधिवत पंजीकरण भी करा लिया गया।
*पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला*
अजय गुर्जर ने बताया कि शादी के बाद जब वह और उसकी पत्नी झुंझुनूं एसपी कार्यालय में पेश होकर अपने बयान दर्ज कराकर लौट रहे थे, तब भी सदर थाना क्षेत्र में आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर तोड़फोड़ की थी। उस समय डर के कारण उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई और कुछ दिनों तक सीकर में छिपकर रहना पड़ा। अजय ने बताया कि बीते कुछ महीनों से स्थिति शांत लग रही थी, क्योंकि पूनम ने मोबाइल बंद कर दिया था और वह स्वयं हैदराबाद चला गया था, लेकिन गांव लौटते ही आरोपियों ने उसकी रेकी कर हमला कर दिया।
*सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच*
पिलानी थाना प्रभारी चन्द्रभान सिंह ने बताया कि पीड़ित अजय गुर्जर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
*विवाहिता ने की सुरक्षा की मांग*
विवाहिता पूनम ने कहा कि वह अपने ससुराल में सुरक्षित और खुश है, इसके बावजूद उसके परिजन लगातार परेशान कर रहे हैं। उसने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा बना हुआ है।
*खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर को लेकर लगाए गंभीर आरोप*
विवाहिता पूनम ने घटना के बाद मीडिया के समक्ष बयान देते हुए कहा कि उसके परिजन लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं और इस पूरे मामले में राजनीतिक प्रभाव का भी डर दिखाया जा रहा है। पूनम ने आरोप लगाया कि जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो उसे यह कहकर डराने की कोशिश की गई कि सामने वाला पक्ष गुर्जर समाज से जुड़ा है और उनके पीछे राजनीतिक संरक्षण है। पूनम ने सीधे तौर पर खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर का नाम लेते हुए कहा कि वह अब अपने ससुराल में खुश है और अपनी मर्जी से जीवन जी रही है, इसके बावजूद उसे परेशान किया जा रहा है। पूनम ने कहा कि मेरी लाइफ खराब मत करो उसने सवाल उठाया कि जब वह बालिग है और कानूनी रूप से विवाह कर चुकी है, तो फिर उसकी जिंदगी क्यों खराब की जा रही है। हालांकि इस संबंध में विधायक धर्मपाल गुर्जर या उनके प्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पूरी तरह कानून के अनुसार जांचाधीन है और किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
