*वार्ड पुनर्गठन में त्रुटि का आरोप, जिला कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन*
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। पंचायत समिति झुंझुनूं के हालिया वार्ड पुनर्गठन को लेकर ग्राम जीवा वाली ढ़ाणी के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वार्ड पुनर्गठन के दौरान जीवा वाली ढ़ाणी को ग्राम पंचायत कासिमपुरा से हटाकर बुडाना पंचायत में शामिल कर दिया गया, जो भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से उचित नहीं है। ऐसे में उसे बुडाना पंचायत में शामिल करना न्यायसंगत नहीं है। साथ ही ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जीवा वाली ढ़ाणी को हटाकर ग्राम पकौड़ी ढ़ाणी को कासिमपुरा पंचायत में शामिल किया गया, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी असंतोष एवं आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों की ओर से जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी झुंझुनूं को ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि जीवा वाली ढ़ाणी को पुनः कासिमपुरा ग्राम पंचायत में शामिल किया जाए, ताकि जनता की भावनाओं का सम्मान हो और प्रशासनिक न्याय सुनिश्चित हो सकें।ज्ञापन सौंपने के दौरान लालचंद सैनी (पूर्व पंचायत समिति सदस्य), पवन सैनी, महेन्द्र सिंह सैनी, सांवरमल सैनी, शंकरलाल, फूलचंद सैनी, शिवनारायण सैनी, बिहारीलाल सैनी, झाबरमल सैनी, हरफूल सिंह सैनी, सत्यनारायण चावला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने को विवश होंगे।
