-वीर बाल दिवस पर श्रीराम ग्लोबल स्कूल के छात्रों ने दी साहिबजादों को श्रद्धांजलि
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
वीर बाल दिवस के अवसर पर डांगरा रोड स्थित श्रीराम ग्लोबल स्कूल द्वारा सिख इतिहास के महान बलिदानों को स्मरण करते हुए हिसार बाईपास स्थित श्री गुरु नानक धर्मशाल साहिब गुरुद्वारे में सुखमणी साहिब जी का पाठ एवं शब्द कीर्तन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरबंस दानी श्री गुरु गोबिंद सिंह, पिता श्री गुरु तेग बहादुर, माता मानयोग गुजरी, साहिबजादे बावा अजीत सिंह, बाबा शजुझार सिंह, छोटे साहिबजादे बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह की शहादत को नमन करते हुए सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम उपरांत देग प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, एसडीएम आकाश शर्मा, डीएसपी उमेद सिंह, अनिल भाटिया, हरविंद्र सिंह लाली, रिंकू मान, लक्ष्मण, रमन मडिया, दीपक बंसल, जगजीत नडैल, ओमकार, जसकरण सिंह सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने गुरुद्वारे में माथा टेककर अपनी श्रद्धा प्रकट की। गुरु की प्यारी साध-संगत को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि साहिबजादों की शहादत विश्व इतिहास की सबसे महान और अनुपम शहादतों में से एक है, जिसे युगों-युगों तक स्मरण किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हम उस महान भूमि के वासी हैं, जहां गुरुओं ने धर्म, मानवता और सत्य की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने गुरु नानक देव के जीवन और उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समानता, सेवा और सत्य का जो संदेश उन्होंने दिया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। श्रीराम ग्लोबल स्कूल द्वारा आयोजित यह आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज को संस्कारों से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है। हमें गुरुओं की परंपरा और भारतीय संस्कृति को हृदय से अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों ने भावपूर्ण शब्द-कीर्तन “रातां लम्मियां ते रास्ते पहाड़ दी, तुरे जांदे गुरां दे लाल जी” प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्राचार्या प्रीति जैन ने साहिबजादों की अद्वितीय शहादत के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार कठोर ठंड और अत्याचारों के बीच भी अडिग साहस दिखाया। विद्यालय प्रबंधक मनदीप बराला ने विद्यार्थियों से गुरुओं द्वारा दिखाए गए सत्य, साहस और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरुओं के बताए आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विद्यार्थियों की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए विशेष अरदास भी की गई। श्रीराम ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राहगीरों के लिए चाय व बिस्कुट का लंगर भी वितरित किया गया।
