भीम प्रज्ञा न्यूज़ मंडावा @ पवन कुमार शर्मा।
निकटवर्ती ग्राम नुआ स्थित रामादेवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाओं का सात दिवसीय शिविर बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। शिविर के समापन समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि नेतराम टिबरेवाला राजकीय महाविद्यालय, झुंझुनूं के एसोसिएट प्रोफेसर (हिंदी) एवं वर्तमान जिला समन्वयक एनएसएस डॉ. शशि प्रकाश रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नेतराम टिबरेवाला राजकीय महाविद्यालय के सहायक आचार्य (राजनीति विज्ञान) डॉ. विकास भड़िया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आशा मिश्रा ने की। इस अवसर पर प्राचार्य टीटी कॉलेज डॉ. अशोक गोदारा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. शशि प्रकाश ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर छात्राओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है, जिससे उनमें सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास भड़िया ने एनएसएस के आदर्श वाक्य “नॉट मी बट यू” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिविर की सार्थकता तभी है जब स्वयंसेविकाएं समाज की जरूरतों और समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने पंचप्रण की भी विस्तार से जानकारी दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या डॉ. आशा मिश्रा ने कहा कि ऐसे शिविरों से छात्राएं समूह जीवन, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों को समझती हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक है। एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. रमाकांत शर्मा ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों और कार्यक्रमों का संक्षिप्त सार प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. नीतू सिंह एवं डॉ. नरेश नैण रहे। आभार ज्ञापन डॉ. नरेश नैण ने किया।
इस अवसर पर उप प्राचार्या डॉ. शहला सयीद, डॉ. लक्ष्मीकांत शर्मा, डिम्पल मील, अनीशा बानो, नीतू शर्मा, अशोक शर्मा, सुनीता जाखड़, विपिन, सपना, प्रियंका, सोनम, मनीषा मोदी, गरिमा जोशी, वंदना, प्रगति सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
