परसरामपुरा: सांगलपति आश्रम में श्री किशनदास महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व समाधि पूजन संपन्न
कमल किशोर पंवार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.परसरामपुरा।
क्षेत्र के प्रसिद्ध सांगलपति आश्रम बाबा रामदेव धाम में अटूट श्रद्धा और भक्ति के साथ श्री श्री 1008 श्री किशनदास महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं समाधि पूजन का दो दिवसीय भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान अखिल भारतीय सांगलिया धूणी के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 ओमदास महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत 27 जनवरी को एक विशाल सत्संग के साथ हुई, जहाँ विभिन्न संतों और महात्माओं ने अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को निहाल किया। अगले दिन 28 जनवरी को वैदिक मंत्रोचार और विधि-विधान के साथ मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एवं समाधि पूजन किया गया। आयोजन के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की।
महाराज की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेकने के बाद उन्होंने कहा: “श्री श्री 1008 किशनदास महाराज जैसे संतों का जीवन समाज के लिए सेवा और आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश स्तंभ है। उनका आशीर्वाद सदैव हम पर बना रहा है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और हमारे नैतिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करते हैं।” पूरे आयोजन के दौरान सांगलिया धूणी के पीठाधीश्वर ओमदास महाराज का सानिध्य और आशीर्वाद पाकर भक्त भावविभोर नजर आए। कार्यक्रम में संत समाज के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
