फतेहाबाद पुलिस के भूना थाना की कार्रवाई : चोरी के मामले में नाबालिग को अभिभावकों के समक्ष जांच में किया शामिल
मामले में 05 आरोपी पहले ही काबू, अनुसंधान जारी
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद/भुना@रजत विजय रंगा
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना भूना पुलिस द्वारा चोरी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को उसके अभिभावकों की मौजूदगी में जांच में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व में ही 05 आरोपियों को काबू किया जा चुका है। थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि गांव गोरखपुर स्थित वार्ड नंबर 19, जोहड़ धमाना क्षेत्र में एक बंद मकान से चोरी की घटना सामने आई थी।
शिकायतकर्ता की पहचान फूल सिंह पुत्र गंगाबिशन निवासी गांव गोरखपुर, जिला फतेहाबाद, हाल निवासी जिला हिसार के रूप में हुई। शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर से गार्डर, स्टील के पलंग, गैस सिलेंडर व चूल्हा, पानी की मोटर, लोहे की पाइप, मेज, बैटरी तथा इन्वर्टर सहित अन्य घरेलू सामान चोरी किया गया।शिकायत के आधार पर थाना भूना में अभियोग संख्या 347, दिनांक 22.11.2025, धारा 305 व 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गहन जांच के दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस चोरी की वारदात में संलिप्त 05 आरोपियों को काबू कर लिया था आगे की जांच में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई, जिसे नियमानुसार उसके अभिभावकों के समक्ष जांच में शामिल किया गया है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों को लेकर अनुसंधान जारी है।थाना भूना पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष, गहन और कानूनी जांच की जा रही है तथा आगामी कार्रवाई तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अमल में लाई जाएगी।
