सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। बीकानेर जिले के झझू कस्बे निवासी श्री रविंद्र कुमार पवार ने अपने दोनों पुत्रों के विवाह में किसी भी प्रकार का दहेज लेने से स्पष्ट इनकार करके त्याग, सादगी और सामाजिक सद्भाव की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। पंवार परिवार का यह निर्णय समाज, विशेषकर मेघवाल समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया है। रविंद्र कुमार पंवार के दोनों पुत्रों की शादियाँ एक ही दिन, मगर बीकानेर शहर के अलग-अलग स्थानों पर पूरी सादगी और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुईं। बड़े पुत्र राधेश्याम पंवार का विवाह पाबू बारी निवासी स्वर्गवासी सोहनलाल हटीला की पुत्री जया हाटीला के साथ हुआ। छोटे पुत्र मनोहर लाल पंवार का विवाह फतीपूरा निवासी भंवरलाल इणखिया की पुत्री बेबी कुमारी के साथ हुआ।
1 रूपए की ‘नारी’ में लिया दहेज मुक्त शादी का संकल्प
वधू पक्ष के परिवार द्वारा दहेज देने की इच्छा व्यक्त करने पर भी श्री रविंद्र कुमार पवार और उनके दोनों पुत्रों ने यह कहते हुए इसे स्वीकार करने से मना कर दिया कि वे दहेज मुक्त शादी के पक्षधर हैं। परिवार ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए, दोनों शादियाँ केवल 1 रूपए की नाममात्र की ‘नारी’ (शगुन) राशि लेकर पूरी की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर, समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग और बुजुर्ग साक्षी बनने के लिए मौजूद रहे। पंवार परिवार द्वारा लिया गया यह साहसिक निर्णय मेघवाल समाज में एक उत्कृष्ट और अनुकरणीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। यह घटना समाज के सभी वर्गों को यह प्रेरणा देती है कि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए ऐसे संकल्प अत्यंत आवश्यक हैं।
